डीग में जमीनी विवाद के बाद फायरिंग, गोली लगने से एक की मौत


इकलेरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद चली गोलियां, एसपी के आश्वासन पर मेडिकल बोर्ड से कराया गया पोस्टमार्टम

डीग।डीग के कोतवाली थाना क्षेत्र के इकलेरा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग होने की बात सामने आई है। फायरिंग के दौरान एक पक्ष के बिज्जो को गोली लग गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार

मंगलवार सुबह मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक फायरिंग और हत्या के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।

मामले की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी अखिलेश शर्मा और सीओ सीताराम बैरवा जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से समझाइश कर पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

एसपी ने कहा पुलिस टीमें लगातार दे रही दबिश

इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी।

एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि यदि वे पुलिस का सहयोग करेंगे तो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल बोर्ड से कराया गया पोस्टमार्टम

एसपी के आश्वासन के बाद मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। इसके बाद मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस अब फायरिंग की घटना के पीछे के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *