विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, पीड़ित परिवारों से मिले सांसद अजय भट्ट, जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 20 किलोमीटर दूर ज्योलींकोट क्षेत्र के ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों के चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने ज्योलींकोट क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित बचाव एवं उपचार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सांसद अजय भट्ट ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलींकोट पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, जांच, दवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों के उपचार, जांच और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि जलजनित बीमारियों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के साथ ही नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी तैनाती की गई है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मृतकों के परिजनों से मिलकर जताया दुख
सांसद अजय भट्ट ने जलजनित बीमारियों की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
श्री भट्ट ने कहा कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और संबंधित विभागों की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो सरकार दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता बीमारी से प्रभावित लोगों को त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
भविष्य में घटना की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर
सांसद ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
इस अवसर पर नैनीताल की विधायक श्रीमती सरिता आर्या, भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा नेता हेम आर्या, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत एवं कैलाश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।