थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बाजारों में पैदल गश्त कर व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने की अपील की
प्रयागराज। शहर में त्योहारी सीजन से पहले बढ़ती जाम की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम कीडगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में सघन पैदल गश्त और अतिक्रमण विरोधी चेकिंग अभियान चलाया।
दुकानों के बाहर सामान फैलाने से लग रहा जाम
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कीडगंज बाजार, पुराना बाजार और मुख्य मार्ग पर कुछ दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क तक फैला दिया जाता है। इसके अलावा पटरी पर ठेला-खोमचा और बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने के कारण शाम के समय भीषण जाम की स्थिति बन रही है।
इससे स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान तेज किया है।
व्यापारियों को दी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने एक-एक दुकान पर जाकर व्यापारियों से संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि दुकान व्यापारी की है, लेकिन सड़क आम जनता के लिए है। इसलिए दुकान का सामान दुकान की सीमा के अंदर ही रखा जाए।
थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार व्यापारियों से अपील की जा रही है, लेकिन आगे नियमों का उल्लंघन करने पर चालान के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथ पर सामान रखना भी अतिक्रमण की श्रेणी में
पुलिस ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पर सामान रखना, टायर-ट्यूब, बैनर या काउंटर सड़क पर लगाना भी अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा। व्यापारियों से कहा गया कि वे इस तरह की गतिविधियों से बचें, ताकि बाजार में आम लोगों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में बाधा न आए।
थाना प्रभारी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है और यह अभियान आगे भी रोजाना जारी रहेगा।
कई दुकानदारों ने खुद हटाया सामान
पुलिस के इस अभियान के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान सड़क से हटाकर दुकान के अंदर कर लिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बाजारों में अतिक्रमण कम होने से जाम की समस्या से राहत मिल सकती है और स्कूली बच्चों, एंबुलेंस सहित आम राहगीरों को आवागमन में सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।