एसीबी का भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान जन संवाद कार्यक्रम आयोजित

Support us By Sharing

कोई रिश्वत मांगे को भयमुक्त होकर करें शिकायत: सुरेन्द्र कुमार शर्मा

बौंली, बामनवास। श्रद्धा ओम त्रिवेदी।सवाई माधोपुर, 31 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सवाई माधोपुर चौकी की ओर से बुधवार को जिला परिषद सभागार में भ्रष्टाचार के प्रति जन जागरूकता अभियान के तहत भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सवाई माधोपुर सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते कहा कि राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी रूप से लागू करने की मंशा के अनुरूप लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए जनसहयोग जरूरी है। उन्होंने भ्रष्टाचार की त्वरित शिकायत और भ्रष्टाचार मुक्त जिला बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही पद के दुरुपयोग को भ्रष्ट आचरण बताया। उन्होंने कहा कि कहीं भी, किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार पाया जाता है तो त्वरित उसकी शिकायत की जाए।
उन्होंने भ्रष्टाचार से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की चर्चा करते हुए कहा कि सार्वजनिक सेवा में अपने पद का दुरुपयोग और अधिकारी के रूप में प्राप्त जानकारी का दुरुपयोग किया जाना भी भ्रष्ट आचरण में ही आएगा। इस दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। ट्रेप कार्यवाही, पद का दुरूपयोग, आकस्मिक चैकिंग व आय से अधिक सम्पति पर की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी दी गई।
उन्होंने समस्त जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रिश्वत लेना और देना दोनों की अपराध है, कोई रिश्वत मांगे को भयमुक्त होकर शिकायत करें। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाईन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सअप हेल्पलाईन नम्बर 9413502834 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए अभियान में अपना महत्पूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि लोकसेवकों द्वारा रिश्वत की मांग पर कार्यालय के दूरभाष नम्बर 07462-220240 एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सवाई माधोपुर सुरेन्द्र कुमार शर्मा के मोबाइल नम्बर 9530377881 पर सम्पर्क कर सुझाव लिया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों की शिकायतों एवं पहचान की गोपनीयता बनाये रखने का आश्वासन दिया, ताकि परिवादी बिना किसी डर के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि एसीबी आमजन के वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।
इस दौरान राष्ट्रीय भ्रष्टाचार ऑर्गनाईजेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी, शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Support us By Sharing
error: Content is protected !!