एसटीएफ ने 19,338 शीशी कोडीन कफ सिरप और 61,600 नशीली गोलियां बरामद कीं, तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की फील्ड इकाई प्रयागराज ने अंतर्राज्यीय कोडीन कफ सिरप तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर में भारत गैस के पास एक मकान पर छापेमारी के दौरान करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की नशीली सामग्री बरामद की गई।
19,338 शीशी कफ सिरप और 61,600 नशीली गोलियां बरामद
एसटीएफ ने विवेक श्रीवास्तव के मकान पर कार्रवाई के दौरान 19,338 शीशी ONEREX ब्रांड कोडीन कफ सिरप और 61,600 नशीली टेबलेट बरामद कीं।
तस्करी में इस्तेमाल टाटा नेक्सॉन कार UP 70 GS 8425, 95 खाली बोरियां, दो डाई ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी, निवासी बीकापुर, अयोध्या और वर्तमान निवासी जयंती नगर, सुलेम सराय, धूमनगंज; अंकेश कुमार प्रजापति और अमित प्रजापति, दोनों निवासी जयरामपुर, सूबेदारगंज के रूप में हुई है।
दिल्ली से लेकर कई राज्यों तक सप्लाई का दावा
एसटीएफ के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप लाकर उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में सप्लाई करता था।
जांच में सामने आया कि गिरोह के कथित मास्टरमाइंड जतिन मिश्रा उर्फ शिवम मिश्रा, निवासी भीरपुर, करछना ने दिल्ली के मंगोलपुरी में NOVOTRIX LIFESCIENCES नाम से कथित फर्जी फर्म बना रखी थी।
फर्जी बिल-बिल्टी से मंगाया जाता था सिरप
एसटीएफ के अनुसार WINGS BIOTECH LLP, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में निर्मित ONEREX सिरप को फर्जी बिल-बिल्टी के जरिए ट्रांसपोर्ट से मंगाकर कटहुला स्थित गोदाम में रखा जाता था।
पकड़े जाने से बचने के लिए ग्राइंडर मशीन से शीशियों पर दर्ज बैच नंबर मिटाए जाते थे। इसके बाद सिरप को बोरियों में भरकर आगे सप्लाई किया जाता था।
जांच के अनुसार माल की सप्लाई लीडर रोड के थोक व्यापारी शनि जायसवाल और आशु जायसवाल समेत कई जिलों में की जाती थी। एसटीएफ के मुताबिक गिरोह के सदस्य मुनाफा बराबर-बराबर बांटते थे।
STF टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई विनय तिवारी, गुलजार सिंह, औषधि निरीक्षक सुनील कुमार रावत, संजय दत्त और अरविंद कुमार तथा एसीपी धूमनगंज रवि कुमार गुप्ता शामिल रहे।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना एयरपोर्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।