आंदोलन के बाद सैकड़ों किसानों को निर्धारित दर पर DAP वितरित, तीन दिन में समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
सवाई माधोपुर। जिले में खाद की किल्लत, कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली के विरोध में भूप्रेमी किसान संघर्ष मंच के नेतृत्व में गुरुवार को जिला कृषि विभाग कार्यालय के सामने किसानों ने धरना-प्रदर्शन एवं अनशन किया। किसानों ने खाद की उपलब्धता और पारदर्शी वितरण की मांग को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग
किसानों ने मांग की कि जिले की सभी GSS पर तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचाई जाए। साथ ही निजी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री पर रोक लगाने, कालाबाजारी समाप्त करने और प्रत्येक किसान को उसकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
किसानों ने खाद वितरण में पारदर्शिता के लिए आधार कार्ड के माध्यम से वितरण व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।
अधिकारियों से चर्चा के बाद धरना समाप्त
धरने के दौरान कृषि अधिकारी लखपत मीणा सहित अन्य कृषि अधिकारियों के साथ किसानों की मांगों को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों की ओर से मांगों पर कार्रवाई करने और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर सहमति बनने के बाद शाम करीब 4 बजे धरना एवं अनशन समाप्त कर दिया गया।
तय रेट पर सैकड़ों किसानों को मिला DAP
आंदोलन के बाद किसानों की मांग के अनुसार कृषि उपज मंडी स्थित सवाई माधोपुर विक्रय सहकारी समिति पर निर्धारित दर पर DAP खाद का वितरण कराया गया।
आंदोलनकारियों की मौजूदगी में किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई गई। इससे सैकड़ों किसानों को लाभ मिला। निर्धारित दर पर DAP मिलने पर किसानों ने राहत जताई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि खाद का वितरण पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और किसी भी किसान से निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जानी चाहिए। साथ ही जिले की सभी GSS पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाना जरूरी है, ताकि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े।
तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
मुकेश भूप्रेमी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर जिले में खाद की किल्लत, कालाबाजारी और अधिक कीमत वसूली की समस्या का संपूर्ण समाधान नहीं हुआ तथा सभी GSS पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो किसानों के साथ मिलकर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
ये लोग रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन के दौरान मुकेश भूप्रेमी, रामगोपाल गुणसारिया, रामनिवास मीणा, सीताराम सरपंच, रतिराम मीणा, रामसिंह सरपंच, भवानी शंकर मीणा, रामदयाल मीणा, श्योदास मीणा, बंशीलाल मीणा, अनवर खान, फारूक भाई, फारूक खान एवं यशवंत भूप्रेमी सहित विभिन्न किसान एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।