भैरव वध कथा का सजीव चित्रण, पंचम नवरात्र पर केले और इमरती का भोग, 18 अक्टूबर को माता रानी को लगेगा छप्पन भोग
गंगापुर सिटी। नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में आयोजित नवरात्रा महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार शाम 7:30 बजे से आयोजित सजीव झांकियों में मां दुर्गा द्वारा भैरव वध की कथा का प्रभावशाली चित्रण किया गया। झांकी देखकर दर्शनार्थी श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
भैरव वध कथा का किया सजीव चित्रण
महोत्सव में प्रस्तुत झांकी में मां दुर्गा और भैरवनाथ की कथा का मंचन किया गया। कथा के अनुसार, भैरव वध के बाद भैरवनाथ को अपनी भूल का पश्चाताप हुआ। उन्होंने माता से क्षमा याचना की, जिसके बाद मां दुर्गा ने उन्हें क्षमा कर आशीर्वाद दिया, अपना सेवक बनाया और अमरता प्रदान की।
इस सजीव प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इससे पूर्व माता रानी के भजनों की श्रृंखला में महिला और पुरुष श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
महाआरती में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
नवदुर्गा महाआरती में आलोक गोयल एडवोकेट, बाबूलाल सैमरदा वाले, विनोद खंडेलवाल, रमेश चंद शर्मा, लवली मिश्र, प्रहलाद शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अजय पाराशर, कमलेश जोशी, विष्णु गुप्ता, महेश शर्मा, हेमेंद्र बोहरा, राधा मोहन गोयल और प्रेमचंद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
केले और इमरती का भोग लगाकर बांटी प्रसादी
पंचम नवरात्र के अवसर पर माता रानी को महेंद्र मेडिकल एवं बंटी मेडिकल की ओर से केले का भोग लगाया गया। वहीं, राकेश मंगल की ओर से इमरती का भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
मां कात्यायनी और महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना
शुक्रवार सुबह 8 बजे सामूहिक नवदुर्गा पूजा का आयोजन किया गया। इसमें पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री एवं अन्य विद्वान पंडितों ने नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी और महालक्ष्मी देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई।
महोत्सव के अंतर्गत 11 विद्वान पंडितों द्वारा मां सप्तशती और शतचंडी पाठ का अनुष्ठान प्रतिदिन किया जा रहा है।
शुक्रवार को होगा डांडिया महोत्सव, 18 अक्टूबर को छप्पन भोग
आयोजन मंडल के अनुज शर्मा और वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि शुक्रवार शाम 7 बजे से महिला श्रद्धालुओं की ओर से डांडिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भक्तों के सहयोग से 18 अक्टूबर, रविवार को नवदुर्गा माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। आयोजन मंडल ने श्रद्धालुओं से नवदुर्गा पूजा और नवरात्रा महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।