शाहपुरा पहुंची सांवरिया सेठ की 17वीं पदयात्रा, जयकारों के साथ मंडफिया रवाना


बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, भजनों पर झूमे भक्त, समिति ने भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की

शाहपुरा। जयपुर जिले के बासां बृजनाथपुरा से सांवरिया सेठ मंडफिया धाम के लिए निकली 17वीं पदयात्रा गुरुवार रात शाहपुरा पहुंची। यहां श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति शाहपुरा की ओर से पदयात्रियों का स्वागत किया गया। बस स्टैंड पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सांवरिया सेठ के जयकारे गूंज उठे। डीजे पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। समिति की ओर से पदयात्रियों के लिए भोजन प्रसादी और देव पब्लिक स्कूल में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।

बस स्टैंड पर जयकारों के बीच हुआ स्वागत

श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति जयपुर के तत्वावधान में निकली यह 17वीं पदयात्रा 10 अक्टूबर को नवरात्र के अवसर पर रवाना हुई थी। विभिन्न मार्गों से होते हुए शाहपुरा पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया।

पदयात्रा में सांवरिया सेठ की प्रतिमा को रथ में विराजमान किया गया था। रथ की अगुवाई में श्रद्धालु नगर पहुंचे। इस दौरान आरती-वंदना कर प्रतिमा के दर्शन किए गए। स्वागत कार्यक्रम में जयकारों और भजनों के बीच धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं के स्वागत से भावुक हुए पदयात्री

शाहपुरा में स्थानीय श्रद्धालुओं की ओर से किए गए स्वागत से पदयात्री भावुक हो गए। आत्मीय अभिनंदन के दौरान कई यात्रियों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने स्वागत करने वालों के प्रति आभार जताते हुए सभी के मंगल की कामना की।

डीजे पर सांवरिया सेठ के भजन बजने पर श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रियों के भोजन तथा ठहरने की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

सुबह जयकारों के साथ मंडफिया धाम के लिए रवाना

शाहपुरा में रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह पदयात्रा सांवरिया सेठ मंडफिया धाम के लिए रवाना हुई। प्रस्थान के समय स्थानीय श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ पदयात्रियों को विदाई दी। सांवरिया सेठ की प्रतिमा का रथ आगे बढ़ा तो वातावरण एक बार फिर जयघोष से गूंज उठा।

स्थानीय भक्तों ने पदयात्रियों को यात्रा की शुभकामनाएं दीं। पदयात्रा संयोजक के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के तहत यात्रा 20 अक्टूबर को मंडफिया धाम पहुंचेगी।

नगर पालिका के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान

स्वागत कार्यक्रम के दौरान श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति शाहपुरा की ओर से नगर पालिका चुनाव में विजयी अध्यक्ष रमेश सेन, उपाध्यक्ष डॉ. इशाक मोहम्मद और पार्षदों का सम्मान किया गया। समिति ने जनप्रतिनिधियों को सांवरिया सेठ का चित्र भेंट किया और उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेन, उपाध्यक्ष डॉ. इशाक मोहम्मद, पार्षद प्रवीण भैया, चेतन वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *