गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में 56 भोग और छप्पन व्यंजनों का लगेगा भोग, श्रद्धालुओं को मिलेगी अन्नकूट प्रसादी
डीग| गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में राजस्थान के डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित प्रसिद्ध ठाकुर श्री श्रीनाथ जी मंदिर, राघव पंडित जी की गुफा पर आगामी 9 नवंबर 2026 को भव्य अन्नकूट महोत्सव एवं पाटोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां की जाएंगी। पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
गिरिराज जी की तलहटी में होगा भव्य आयोजन
मंदिर के मुखिया श्री श्री चंदू बाबा मुखिया जी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गिरिराज जी की तलहटी में अन्नकूट पाटोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर ठाकुर श्रीनाथ जी की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि अन्नकूट का पर्व गोवर्धन पूजा का प्रमुख पर्व माना जाता है। इस दिन ठाकुर श्रीनाथ जी को 56 भोग और छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाता है। गोवर्धन परिक्रमा करने वाले लाखों श्रद्धालु इस पावन अवसर पर मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन करते हैं और अन्नकूट प्रसादी ग्रहण करते हैं।
सुबह अभिषेक से शुरू होंगे धार्मिक कार्यक्रम
मंदिर में 9 नवंबर को आयोजित होने वाले अन्नकूट पाटोत्सव की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी।
- सुबह 8:30 बजे: ठाकुर श्रीनाथ जी का अभिषेक
- सुबह 10:00 बजे: बालभोग
- सुबह 11:00 बजे: कीर्तन
- दोपहर 1:00 बजे: अन्नकूट प्रसादी
इस पावन आयोजन में श्री श्री 108 महंत श्री संतदास बाबा महाराज एवं श्री श्री 1008 बाबा श्री जगन्नाथ दास जी महाराज का विशेष सानिध्य प्राप्त होगा।
फूलों और रोशनी से सजेगा मंदिर परिसर
अन्नकूट पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों, आकर्षक रोशनी और केले के पत्तों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहेगा। मंदिर में ठाकुर श्रीनाथ जी के दर्शन, भोग और प्रसादी का विशेष महत्व रहेगा।
मुखिया जी ने श्रद्धालुओं से की पहुंचने की अपील
मंदिर के मुखिया श्री श्री चंदू बाबा मुखिया जी ने समस्त ब्रजवासियों, डीगवासियों तथा गोवर्धन परिक्रमा के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर ठाकुर श्रीनाथ जी के दर्शन करने और अन्नकूट प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।