श्री बालाजी दरबार में गौ सेवकों ने लिया गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने का संकल्प, दीपावली पर घर-घर लक्ष्मी पूजन के साथ गौ पूजन की अपील
गंगापुर सिटी | गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने और गौ संरक्षण के उद्देश्य से संपूर्ण भारतवर्ष में संतों एवं गौ सेवकों के सानिध्य में गौ सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को श्री बालाजी दरबार बिनोरी धाम पर गौ सेवकों की मौजूदगी में अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, गौ हत्या पूर्णतया बंद कराने और दीपावली पर गौ माता के सम्मान में दीप प्रज्वलित करने का आह्वान किया गया।
अभियान के जिला प्रभारी एवं गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान का तृतीय चरण 17 दिसंबर 2026 को देश के 36 राज्यों की राजधानियों में संपन्न होगा। इस चरण के तहत राज्यों की राजधानियों में ज्ञापन सौंपे जाएंगे। ज्ञापन के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ माता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
दीपावली पर घर-घर वितरित होगा लक्ष्मी पूजन का पाना
गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि दीपावली के पावन पर्व पर घर-घर मां लक्ष्मी के पूजन के साथ गौ माता का पूजन हो, इसी उद्देश्य से अभियान के माध्यम से लक्ष्मी जी का पाना वितरित किया जाएगा। इसमें अभियान की जानकारी के साथ गौ माता का चित्र भी अंकित होगा।
श्री बालाजी दरबार बिनोरी धाम पर सभी गौ सेवकों की मौजूदगी में पोस्टर विमोचन किया गया। विमोचन के बाद जिलेभर में गौ भक्तों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों और घरों तक लक्ष्मी जी का पाना तथा अभियान से जुड़े पोस्टर और बैनर पहुंचाए जाएंगे।
एक दीपक गौ माता के नाम जलाने की अपील
अभियान से जुड़े गौ सेवकों ने जिले के नागरिकों से विनम्र अपील की कि दीपावली के पावन पर्व पर लक्ष्मी पूजन के साथ गौ माता के नाम एक दीपक अवश्य जलाएं। साथ ही गौ माता का पूजन करते समय लक्ष्मी पूजन के लिए वितरित किए जा रहे पोस्टर को भी घरों में रखें।
उन्होंने नागरिकों से अभियान में शामिल होकर हस्ताक्षर अभियान को गति देने का आह्वान किया। गौ सेवकों ने कहा कि अधिक से अधिक लोग हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर गौ माता के संरक्षण और सम्मान की मांग को मजबूत बनाएं।
17 दिसंबर को जयपुर में निकलेगी शोभायात्रा
अभियान के तृतीय चरण के तहत 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में भी कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक विजय मंत्र का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे साधु-संतों एवं सनातन प्रेमियों के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा के साथ राज्य सचिव के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार को लाखों हस्ताक्षरों के साथ प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा। अभियान से जुड़े लोगों ने जिले के गौ सेवकों और गौ माता के भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में जयपुर पहुंचकर ज्ञापन कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है।
गौ हत्या समाप्त करने और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग
अभियान के माध्यम से देशभर में गौ हत्या पूर्णतया समाप्त करने और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाई जा रही है। गौ सेवकों ने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इसलिए अधिक से अधिक गौ सेवक और गौ माता प्रेमी हस्ताक्षर अभियान में शामिल हों तथा 17 दिसंबर को जयपुर में आयोजित ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाएं।
गौ सेवकों ने सभी नागरिकों से गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सुरक्षा के लिए अभियान से जुड़ने का आग्रह करते हुए ‘जय गौ माता’ का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।