कांग्रेस को मिले 31 मत, भाजपा के सुखालाल गुर्जर को 14 वोट, चुनाव से पहले कलेक्ट्रेट में कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और जीत के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न
भीलवाड़ा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मजबूत गढ़ माने जाने वाले भीलवाड़ा में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को हुए जिला प्रमुख के निर्वाचन में कांग्रेस ने भाजपा को 17 मतों से हराकर जिला परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली। कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा ने भाजपा के सुखालाल गुर्जर को पराजित कर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की।
कुल 45 मतों में से कांग्रेस के कैलाशचंद्र मीणा को 31 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुखालाल गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह देखने को मिला। कैलाश मीणा के गृह क्षेत्र कास्या और बिजौलियां में समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
31 बनाम 14… मतदान ने खोली सियासी तस्वीर
जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार दोपहर ठीक 3 बजे मतदान शुरू हुआ। जिला परिषद के सभी 45 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा को 31 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुखालाल गुर्जर को 14 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कैलाश मीणा ने 17 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
चुनाव से पहले कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर लंबी कवायद चली थी। जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद पार्टी के भीतर उम्मीदवार के नाम पर सहमति बनाने में समय लगा। आखिरकार नामांकन के दिन अलसुबह कैलाश मीणा के नाम पर मुहर लगी। इसके बाद चुनाव परिणाम को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई थी। मतदान और मतगणना के बाद आए नतीजे ने कांग्रेस की जीत पर मुहर लगा दी।
कलेक्ट्रेट में धक्का-मुक्की, चैनल गेट पर हुआ विवाद
मतदान से पहले जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी देखने को मिली। दोनों दलों के समर्थक परिसर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने चैनल गेट पर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रवेश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के बिना अनुमति परिसर में पहुंचने पर आपत्ति जताई और उन्हें बाहर करने की मांग की। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस अधिकारियों को स्थिति संभालनी पड़ी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई।
रामलाल जाट बोले- कांग्रेस पहले भी एक थी, आज भी एक है
चुनाव से पहले कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर चली चर्चाओं और खींचतान के सवाल पर देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि कांग्रेस पहले भी एक थी और आज भी एक है। पार्टी में मनमुटाव होना सामान्य बात है, लेकिन नेताओं के बीच बातचीत कभी बंद नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि मनमुटाव हर पार्टी और परिवार में होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी में एकजुटता नहीं है। उनके इस बयान के जरिए चुनाव से पहले पार्टी में एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया।
धीरज गुर्जर ने बताया सामाजिक न्याय का फैसला
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कैलाशचंद्र मीणा को प्रत्याशी बनाए जाने के पीछे सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के सभी जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर उम्मीदवार के नाम पर चर्चा की गई थी। सभी की सहमति के बाद कैलाश मीणा के नाम पर मुहर लगाई गई।
कांग्रेस ने अनारक्षित सीट पर एसटी वर्ग के उम्मीदवार को मैदान में उतारा और चुनाव में अपने 31 सदस्यों का समर्थन हासिल कर जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की।
विकास कार्यों को गति देने का भरोसा
जीत के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कैलाशचंद्र मीणा, रामलाल जाट और धीरज गुर्जर ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की जीत के बाद अब गुरुवार, 26 नवंबर को होने वाले उप जिला प्रमुख के निर्वाचन पर सबकी निगाहें रहेंगी। उप जिला प्रमुख का चुनाव जिला परिषद की आगामी राजनीतिक तस्वीर तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।