भीलवाड़ा जिला प्रमुख बने कैलाश मीणा, अनारक्षित सीट पर कांग्रेस ने चला सियासी दांव


31 वोट हासिल कर कैलाश मीणा ने भाजपा के सुखलाल गुर्जर को 17 मतों से हराया, क्रॉस वोटिंग नहीं हुई, कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने अनारक्षित सीट पर अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के चेहरे कैलाश मीणा को मैदान में उतारकर बड़ा सियासी दांव खेला। कांग्रेस का यह फैसला चुनाव से पहले ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया था। पार्टी ने न केवल इस फैसले से सबको चौंकाया, बल्कि अपने बहुमत के दम पर कैलाश मीणा को जिला प्रमुख की कुर्सी तक भी पहुंचा दिया। भाजपा प्रत्याशी सुखलाल गुर्जर मुकाबले में टिक नहीं सके।

जिला परिषद में बुधवार को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को करारा झटका दिया। कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश चंद्र मीणा ने भाजपा के सुखलाल गुर्जर को 17 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। कुल 45 मतों में से कैलाश मीणा को 31 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुखलाल गुर्जर को 14 मतों से संतोष करना पड़ा।

खास बात यह रही कि चुनाव में किसी तरह की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के सदस्यों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। टिकट चयन को लेकर कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं रामलाल जाट और धीरज गुर्जर के बीच खींचतान की चर्चाओं के बाद आखिरकार कैलाश मीणा के नाम पर सहमति बनी और पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा।

सुबह 10 बजे शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया

जिला प्रमुख के निर्वाचन को लेकर जिला परिषद में बुधवार सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। कांग्रेस की ओर से कैलाश मीणा और भाजपा की तरफ से सुखलाल गुर्जर ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

सुबह 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ।

मतदान के दौरान सबसे पहले कांग्रेस के 31 जिला परिषद सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इसके बाद भाजपा के 14 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना की गई और परिणाम घोषित होते ही कैलाश मीणा की जीत तय हो गई। उन्हें कुल 31 वोट मिले, जबकि सुखलाल गुर्जर को 14 वोट प्राप्त हुए।

कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ता भिड़े

जिला प्रमुख के चुनाव से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में राजनीतिक गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। परिसर में प्रवेश को लेकर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की की नौबत आ गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चैनल गेट पर मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को परिसर से बाहर कर दिया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष बिना अनुमति और बिना किसी आधिकारिक कार्य के कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे थे। उन्हें बाहर निकालने की मांग को लेकर विवाद बढ़ गया।

सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार

जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हुए अनारक्षित सीट पर एसटी वर्ग के कैलाश मीणा को उम्मीदवार बनाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे पार्टी की एकजुटता और सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय बताया।

कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि पार्टी पहले भी एक थी और आज भी एक है। कार्यकर्ताओं के हक के लिए मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं हैं।

वहीं कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर ने बताया कि सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हुए जिला परिषद के सभी सदस्यों से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से कैलाश मीणा के नाम पर सहमति बनी।

दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी सुखलाल गुर्जर ने नामांकन के दौरान उम्मीद जताई थी कि सदस्यों की अंतरात्मा जागेगी और परिणाम भाजपा के पक्ष में आएगा। हालांकि, जिला परिषद में सदस्यों के संख्याबल के सामने उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं। कांग्रेस के 31 सदस्यों के समर्थन ने कैलाश मीणा की जीत सुनिश्चित कर दी।

रामलाल जाट के करीबी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर से भी रहा जुड़ाव

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कैलाश मीणा की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी काफी दिलचस्प रही है। वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर के करीबी माने जाते थे। कैलाश मीणा मांडलगढ़ पंचायत समिति के प्रधान के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वर्तमान में जिले की कांग्रेस राजनीति में उनकी नजदीकी पूर्व राजस्व मंत्री एवं कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट से मानी जाती है। राजनीतिक अनुभव के साथ संगठन में उनकी सक्रियता भी उनकी पहचान का हिस्सा रही है।

नामांकन के दौरान दिखी रामलाल जाट और धीरज गुर्जर की जुगलबंदी

बुधवार सुबह जिला कांग्रेस कमेटी में औपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कैलाश मीणा के नाम की घोषणा की गई। इसके बाद उनका नामांकन दाखिल करवाने के लिए कांग्रेस के दोनों प्रमुख नेता रामलाल जाट और धीरज गुर्जर साथ नजर आए।

इस दौरान खास बात यह रही कि रामलाल जाट खुद गाड़ी चलाकर कैलाश मीणा को नामांकन दाखिल करवाने के लिए लेकर पहुंचे। गाड़ी में उनके बगल में धीरज गुर्जर बैठे थे। कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में दोनों नेताओं के बीच आपसी खींचतान की चर्चाएं आम रही हैं। ऐसे में जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार के चयन के बाद नामांकन के दौरान दोनों नेताओं की यह जुगलबंदी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।

खनन व्यवसायी होने के साथ मेयो कॉलेज और दिल्ली विश्वविद्यालय से की पढ़ाई

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कैलाश मीणा राजनीतिक अनुभव के साथ कारोबारी पृष्ठभूमि भी रखते हैं। वे बिजोलिया खनन क्षेत्र के प्रमुख खनन व्यवसायियों में शामिल हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित मेयो कॉलेज और दिल्ली विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है।

इससे पहले वे मांडलगढ़ पंचायत समिति के प्रधान के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब राजनीतिक अनुभव, शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कारोबारी पहचान के साथ उन्हें भीलवाड़ा जिला परिषद की कमान मिली है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *