डीग में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 1.87 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा


राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत डीग जिले में पांच वर्ष तक के 1.87 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य तय किया गया।

डीग। अमर दीप सेन। डीग में पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार 28 जून को जिलेभर में विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के दौरान जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के कुल 1 लाख 87 हजार 21 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डीग डॉ. विजय सिंघल ने बताया कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दो बूंद दवा पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

#### 1,053 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

सीएमएचओ डॉ. विजय सिंघल ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 28 जून को जिलेभर में 1,053 बूथ टीमों को तैनात किया गया। इन बूथों पर अभिभावकों ने अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को लेकर पहुंचकर पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।

#### ट्रांजिट और मोबाइल टीमों का भी किया गया गठन

डॉ. विजय सिंघल ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले बच्चों तक पहुंचने के लिए 73 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है।

इसके अलावा दूर-दराज एवं विशेष क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को कवर करने के लिए 14 मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाई जा सके।

#### घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत 1,913 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

पूरे अभियान की प्रभावी निगरानी एवं संचालन के लिए 153 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है, जो सभी टीमों की कार्यप्रणाली पर नजर रखेंगे।

#### “जिंदगी की दो बूंद” सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच : डॉ. विजय सिंघल

सीएमएचओ डॉ. विजय सिंघल ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा, “जिंदगी की दो बूंद” बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। हर बच्चे तक यह दवा पहुंचे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

#### स्वास्थ्य विभाग की पहल की अभिभावकों ने सराहना की

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मान सिंह, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह, बीसीएमओ डॉ. रामावतार शर्मा, बच्चू सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।

अभियान के दौरान टीम संख्या-26 की एएनएम सीमा शर्मा ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। वहीं भामाशाहों के सहयोग से परिजनों के लिए ठंडे पानी की बोतलों की व्यवस्था भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की अभिभावकों ने सराहना करते हुए अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *