आईएफडब्ल्यूजे ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर गंगापुर सिटी उपखंड के पत्रकारों को पीआरओ सूची में शामिल करने की मांग उठाई।
गंगापुर सिटी। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) राजस्थान की गंगापुर सिटी शाखा की ओर से गंगापुर सिटी पत्रकार पीआरओ सूची में शामिल किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को उपखंड अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र के सभी पात्र पत्रकारों के नाम जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सवाई माधोपुर की आधिकारिक पत्रकार सूची में जोड़े जाएं।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांग
ज्ञापन में बताया गया कि गंगापुर सिटी उपखंड के सभी पत्रकार विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों से जुड़े हुए हैं तथा सरकारी एवं आमजन से जुड़ी खबरों का नियमित प्रकाशन उनके माध्यम से किया जा रहा है। इसके बावजूद उन्हें जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक पत्रकार सूची में शामिल नहीं किया गया है।
पीआरओ ग्रुप में जुड़े, लेकिन सूची में नहीं नाम
आईएफडब्ल्यूजे के उपखंड अध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, सवाई माधोपुर के पीआरओ ग्रुप में उन्हें पहले से जोड़ा गया है तथा विभाग की ओर से सभी सरकारी प्रेस नोट नियमित रूप से ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जाते हैं। इसके बावजूद पीआरओ द्वारा तैयार की गई मीडिया सूची में केवल जिला मुख्यालय के पत्रकारों को ही शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में जिला मुख्यालय सहित कुल आठ उपखंड मुख्यालय हैं और सभी स्थानों पर विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसलिए सभी उपखंडों के पात्र पत्रकारों को भी पीआरओ की पत्रकार सूची में शामिल किया जाना चाहिए।
सूची में नाम नहीं होने से हो रही परेशानी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिला मुख्यालय के पत्रकार केवल जिला मुख्यालय क्षेत्र के लिए अधिकृत हैं, जबकि प्रत्येक उपखंड मुख्यालय पर स्थानीय पत्रकार नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद पीआरओ की सूची में नाम शामिल नहीं होने के कारण जिले के विभिन्न विभाग एवं अधिकारी उपखंड के पत्रकारों को केवल इस आधार पर पत्रकार नहीं मानते कि उनका नाम आधिकारिक सूची में दर्ज नहीं है।
आईएफडब्ल्यूजे ने कहा कि इस स्थिति के कारण उपखंड क्षेत्र के पत्रकार सरकारी सुविधाओं एवं प्रशासनिक मान्यता से वंचित हो रहे हैं, जिससे उन्हें अपने कार्य के दौरान विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
समान रूप से सुविधाएं देने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि गंगापुर सिटी उपखंड के सभी पात्र पत्रकारों के नाम जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पत्रकार सूची में जोड़े जाएं, ताकि उन्हें सरकारी सूचनाओं, आधिकारिक संचार तथा विभागीय सुविधाओं का समान रूप से लाभ मिल सके और जिले के सभी उपखंडों के पत्रकारों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित हो।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।