हेमराज मीणा प्रकरण में कार्रवाई की मांग, पांच दिन का अल्टीमेटम


विभिन्न संगठनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन सौंपा, पांच दिन में कार्रवाई नहीं होने पर महापंचायत और जनआंदोलन की चेतावनी दी।

सवाई माधोपुर। सामाजिक कार्यकर्ता हेमराज मीणा। हेमराज मीणा प्रकरण को लेकर सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं ग्राम रावल के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से विरोध-प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाना कुंडेरा में कथित मारपीट, दुर्व्यवहार एवं शांति भंग की कार्रवाई का विरोध करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई।

महावीर पार्क में बैठक के बाद निकाला प्रदर्शन

प्रदर्शन से पहले महावीर पार्क में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर सहमति जताई। इसके बाद सभी लोग बैनर एवं तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां मुख्य द्वार पर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में लगाए गए ये आरोप

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता हेमराज मीणा ग्राम रावल एवं जिले में लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। आरोप है कि 26 जून को वे गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराने पुलिस थाना कुंडेरा पहुंचे थे, लेकिन रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उनके साथ कथित रूप से मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया गया तथा उनके विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई की गई।

दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और एफआईआर की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पुलिस थाना कुंडेरा के थाना अधिकारी राकेश शर्मा, विजय सिंह, पुलिसकर्मी शिवपाल सहित घटना में कथित रूप से शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर तत्काल निलंबन एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही हेमराज मीणा द्वारा चोरी के संबंध में दी गई रिपोर्ट पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा ग्राम रावल एवं आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय चोर गिरोह को गिरफ्तार करने की भी मांग की गई।

एसपी ने दिए जांच और एफआईआर के निर्देश

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी, घटना पर खेद व्यक्त किया तथा हेमराज मीणा द्वारा चोरी के संबंध में दी गई रिपोर्ट पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिटी जयप्रकाश अटल को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।

पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पांच दिवस के भीतर जांच पूरी कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो ग्राम रावल में महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय परिस्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर सीपीआई के जिला सचिव रामगोपाल गुणसारिया, भूप्रेमी परिवार संगठन के एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी, पूर्व सरपंच रामसिंह मीणा, अबसार अहमद, भवानी सिंह, अवधेश शर्मा, यशवंत भूप्रेमी, रामलाल पटेल, गजानंद पटेल, शंकरलाल पीलोदा, कालूराम मीणा, बत्तीलाल मीणा, रामसहाय मीणा, रामधन मीणा, रामेश्वर छारोदा, रतनलाल मीणा, मदन गुर्जर, कालूराम मीणा, ठंडीराम मीणा, सुखपाल, ओमप्रकाश मीणा, बबलू गौड़ एवं कमलेश माली सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *