जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विधिक सहायता एवं सचल लोक अदालत मोबाइल वैन को रवाना कर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
सवाई माधोपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण। विधिक सहायता मोबाइल वैन को सोमवार को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) श्री देवेन्द्र दीक्षित ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन संख्या आर.जे. 14 पीसी 7573 के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विधिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
15 जून से 5 जुलाई तक चलेगा मोबाइल वैन अभियान
इस अवसर पर समीक्षा गौतम, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर ने बताया कि जिले में जिला मुख्यालय सहित गंगापुर सिटी, बामनवास, बौंली एवं खंडार की अधीनस्थ तालुकाओं में 15 जून 2026 से 5 जुलाई 2026 तक मोबाइल वैन का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत जिला मुख्यालय क्षेत्र के गांवों में मोबाइल वैन का संचालन तीन दिनों तक किया जाएगा।
पहले दिन इन गांवों में पहुंची मोबाइल वैन
उन्होंने बताया कि 29 जून को जिला न्यायालय परिसर से रवाना होकर मोबाइल वैन चकचैनपुरा, पचीपल्या, करमोदा, सूरवाल, धनौली एवं मैनपुरा पहुंची। यहां नालसा एवं रालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह रोकथाम, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता कानून, समाधान समारोह तथा स्थायी लोक अदालत से संबंधित पोस्टर एवं पम्पलेट्स वितरित कर आमजन को जागरूक किया गया।
30 जून और 1 जुलाई का रहेगा यह कार्यक्रम
30 जून को मोबाइल वैन खेड़ली, धमूण, बिलोपा, देवपुरा, एकड़ा, बोरदा, ईटावा, कावड़, गिरदरपुरा, बिंजारी, बांसड, चौथ का बरवाड़ा एवं पांवाडेरा गांवों में पहुंचेगी।
वहीं 1 जुलाई को मोबाइल वैन शेरपुर, खिलचीपुर, रावल, कुंडेरा, श्यामपुरा एवं भूरी पहाड़ी में जाकर विधिक सेवा योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह रोकथाम, मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के निस्तारण तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में प्रचार-प्रसार करेगी।
2 से 5 जुलाई तक खंडार क्षेत्र में होगा संचालन
सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि 1 जुलाई के बाद 2 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक तालुका खंडार के विभिन्न गांवों में भी मोबाइल वैन का संचालन किया जाएगा, जहां आमजन को विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता रहे उपस्थित
मोबाइल वैन को रवाना किए जाने के अवसर पर विशेष न्यायाधीश पॉक्सो न्यायालय संख्या-02 प्रेमराज सिंह चंद्रावत, विशिष्ट न्यायाधीश अजा/अजजा (अत्याचार निवारण) प्रकरण असीम कुलश्रेष्ठ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयंक पालीवाल, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गार्गी चौधरी, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 किरण प्रजापत तथा अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 अनिता रजवानिया सहित न्यायिक कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं अन्य आमजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।