करछना के निरिया गांव में बच्चे के जन्म की खुशी के दौरान चली गोली, 24 वर्षीय युवक की मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी।
प्रयागराज। हर्ष फायरिंग में युवक की मौत का मामला जनपद के यमुनानगर स्थित करछना थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में 24 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। घायल युवक को तत्काल स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
#### बच्चे के जन्म की खुशी में आयोजित था कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11 बजे करछना थाना क्षेत्र की भुंडा चौकी अंतर्गत निरिया गांव में हुई। गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के परिवार में बच्चे के जन्म की खुशी के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल थे तथा समारोह के दौरान लोग जश्न मना रहे थे।
राजेंद्र प्रसाद के चार बेटों में दूसरे नंबर के बेटे सर्वेश उर्फ गोलू (24 वर्ष) भी कार्यक्रम में मौजूद थे। सर्वेश एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और अविवाहित था।
#### लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली
कार्यक्रम के दौरान उसी परिवार के एक युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। इसी दौरान चली गोली सर्वेश उर्फ गोलू को लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
#### खुशी का माहौल मातम में बदला
बच्चे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम देखते ही देखते मातम में बदल गया। परिवार में युवक की मौत के बाद शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अविवाहित सर्वेश की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
#### पुलिस ने शुरू की जांच
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस ने मृतक के चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।