जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक: व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त


जिलाधिकारी ने जाम, अतिक्रमण, पार्किंग, फायर सेफ्टी और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को दिए आवश्यक निर्देश।

प्रयागराज। जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रयागराज जनपद के विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि, व्यापारीगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ उनकी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही व्यापारियों की ओर से प्राप्त सुझावों पर भी विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

#### व्यापारियों के सुझावों पर बनाई जाएगी कार्ययोजना

बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों द्वारा हैवी ट्रैफिक के कारण लगने वाले जाम, साफ-सफाई, फायर सेफ्टी, वेण्डिंग जोन, पार्किंग व्यवस्था तथा दुकानों के सामने होने वाले अवैध अतिक्रमण को हटाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन बिंदुओं को शामिल करते हुए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

#### सिविल लाइन में ई-रिक्शा संचालन पर सख्ती और इलेक्ट्रिक बसों पर जोर

जिलाधिकारी ने सिविल लाइन क्षेत्र में ई-रिक्शा के संचालन पर सख्ती के साथ रोक लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सड़क पर वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा नहीं होने देने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अवैध रूप से सड़क सीमा और पटरी पर दुकानें लगाकर जाम की स्थिति पैदा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मुख्य मार्गों पर वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए प्रवर्तन दस्ते को सक्रिय रखने, अभियान तेज करने तथा अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को टोइंग वाहनों से हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सिविल लाइन स्थित मल्टी लेवल पार्किंग का पूर्ण क्षमता के साथ उपयोग सुनिश्चित कराने पर भी बल दिया।

#### फायर सेफ्टी मानकों का पालन करने की अपील

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान में अग्निशमन उपकरण क्रियाशील स्थिति में रखें तथा उनके संचालन का प्रशिक्षण भी प्राप्त करें, ताकि किसी भी आगजनी की घटना होने पर प्रारंभिक स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सके और बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

#### व्यापारियों ने रखीं स्थानीय समस्याएं

बैठक में व्यापारियों ने चौक सर्राफा मार्केट में शौचालय की व्यवस्था, जर्जर एवं लटकते बिजली के तारों को बदलने, फाफामऊ के नगर निगम सीमा विस्तारित क्षेत्र में सीवर लाइन नहीं होने के बावजूद टैक्स वसूली, महाकुंभ के बाद पास व्यवस्था के माध्यम से मालवाहक एवं व्यवसायिक वाहनों की एंट्री, झूंसी एवं नैनी क्षेत्र की नगर निगम संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

इन सभी विषयों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से शहर की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा समस्याओं के दीर्घकालिक समाधान के लिए लिखित सुझाव भी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

#### सीएमपी कॉलेज बस अड्डे की अव्यवस्था पर निर्देश

बैठक में व्यापारियों ने सीएमपी डिग्री कॉलेज के पास संचालित बस अड्डे पर प्राइवेट बसों के संचालन, टैम्पो, टैक्सी एवं ई-रिक्शा की अत्यधिक संख्या तथा रोडवेज बसों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम की समस्या उठाई। व्यापारियों ने बताया कि इससे नैनी और झूंसी क्षेत्र से आने वाली एम्बुलेंसों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती है।

इस पर जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को प्राइवेट बसों के संचालन पर प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा सभी वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने के निर्देश दिए।

#### कटरा, जानसेनगंज और सिविल लाइन में चलेगा विशेष अभियान

व्यापार बंधुओं के पदाधिकारियों ने कटरा, जानसेनगंज से घंटाघर तथा सिविल लाइन क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि इसी माह इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।

उन्होंने वेण्डरों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने के निर्देश दिए तथा नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई दुकानों का ही उपयोग करने को कहा। उन्होंने बताया कि सड़क पर पार्किंग और सड़क पर व्यापार के कारण लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए 150 दुकानों को चिन्हित किया गया है, जिनके विरुद्ध हटाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

#### शाहगंज इलेक्ट्रिक मार्केट और नशेड़ियों की शिकायत पर भी निर्देश

बैठक में शाहगंज इलेक्ट्रिक मार्केट में पूर्व में चलाए गए अतिक्रमण अभियान के बाद सड़क एवं नाले का निर्माण नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने सड़क और नाली निर्माण का स्टीमेट तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा शाहगंज थाने से लेकर सस्ता बाजार मार्केट तक नशेड़ियों द्वारा लोगों को परेशान किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

#### प्रत्येक माह होगी विभागवार समीक्षा

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उनकी अध्यक्षता में होने वाली प्रत्येक माह की व्यापार बन्धु समिति की बैठक से पहले सभी संबंधित विभाग व्यापार बंधुओं के साथ अलग-अलग बैठक आयोजित करें, ताकि समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान किया जा सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने नगर निगम, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज सहित सभी संबंधित विभागों को बैठक में उठाई गई समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *