विशेष अभियान के अंतिम दिन समीक्षा बैठक में 58 नए भू-माफियाओं की सूची तैयार, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा।
प्रयागराज। भू-माफिया अभियान के तहत भूमि विवादों के प्रभावी निस्तारण तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध 01 जून से 30 जून तक संचालित विशेष अभियान के अंतिम दिन मंगलवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल एवं पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त प्रयागराज, मंडल के चारों जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ जनपदवार प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
#### 58 नए भू-माफियाओं का किया गया चिन्हांकन
बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मंडल में अब तक 58 नए भू-माफियाओं का चिन्हांकन कर उन्हें सूचीबद्ध किया गया है। इनमें प्रयागराज के 18, प्रतापगढ़ के 15, कौशांबी के 21 तथा फतेहपुर के 4 भू-माफिया शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में की गई है।
#### लंबित प्रकरणों की भी हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 01 अप्रैल 2025 की स्थिति के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट न्यायालयों में मंडल के कुल 63 प्रकरण लंबित थे। इनमें प्रयागराज के 29, प्रतापगढ़ के 18, फतेहपुर के 5 तथा कौशांबी के 11 प्रकरण शामिल थे।
समीक्षा अवधि के दौरान इन लंबित मामलों में से 27 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान स्थिति में मंडल में कुल 40 प्रकरण लंबित हैं। इनमें प्रयागराज के 22, प्रतापगढ़ के 8 तथा कौशांबी के 10 प्रकरण लंबित हैं, जबकि फतेहपुर में कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है।
इसके अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट स्तर पर कार्रवाई पूर्ण होने के बाद कुल 21 प्रकरण अग्रिम न्यायिक कार्यवाही के लिए गिरोहबंद न्यायालय को प्रेषित किए जा चुके हैं।
#### पोर्टल पर अद्यतन सूची जल्द होगी अपलोड
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पोर्टल पर उपलब्ध भू-माफियाओं की सूची में पुलिस एवं प्रशासन स्तर पर उपलब्ध सूचनाओं में जो विसंगतियां पाई गई थीं, उनका समन्वय करते हुए समेकित एवं प्रमाणिक सूची तैयार करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि अद्यतन सूची शीघ्र ही पोर्टल पर अपलोड करा दी जाएगी।
इस पर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने निर्देश दिए कि यदि डेटा अद्यतन करने में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक कठिनाई सामने आती है तो शासन स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
#### नजूल और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का सत्यापन जारी
बैठक में नजूल एवं अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विशेष सत्यापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्देशों के अनुपालन में तालाबों तथा अन्य जल निकायों की भूमि पर हुए अतिक्रमणों का पुनः सत्यापन कराया जा रहा है।
साथ ही ऐसे मामलों में केवल अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध ही नहीं, बल्कि सरकारी भूमि का अवैध विक्रय करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
#### पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वास्तविक भू-माफियाओं और सामान्य अतिक्रमणकर्ताओं के बीच स्पष्ट अंतर स्थापित करते हुए तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा उनसे मुक्त कराई गई सरकारी भूमि का जनहित एवं सार्वजनिक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भू-माफियाओं के चिन्हांकन से लेकर बेदखली, संपत्ति कुर्की तथा अन्य विधिक कार्यवाहियों तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से संचालित की जाए, ताकि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई सरकारी भूमि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विकास में प्रभावी रूप से किया जा सके।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।