जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सवाई माधोपुर, 2 जून। कृषि विज्ञान केंद्र, सवाई माधोपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ भँवर ढाका के नेतृत्व में, कृषि वैज्ञानिकों व कृषि अधिकारियों की एक टीम ने गंगापुर सिटी खंड के गाँव जीवली, सेवा एवं श्यारोली में विशेष जागरूकता शिविर लगाए। टीम में वैज्ञानिक डॉ. भारत मीना, सहायक निदेशक कृषि गंगापुर सिटी गोपाल लाल शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी पिंटू मीना और अमित कुमार मीना सहित क्षेत्रीय कृषि पर्यवेक्षक शामिल रहे। इन शिविरों में किसानों को उन्नत बीज, जैविक खेती, फसल चक्र, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किसानों से संवाद करते हुए कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जैसे पीएम किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक खेती योजना, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड आदि का लाभ उठाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। किसानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों से साझा किया।
इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सुरेश बैरवा, बागवानी विशेषज्ञ एवं डॉ चमनदीप कौर, गृह विज्ञान विशेषज्ञ ने कृषि विभाग के अधिकारियों राजेंद्र बैरवा कृषि अधिकारी, बागवानी, रजनी वर्मा, सहायक कृषि अधिकारी एवं क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों के साथ मिलकर शिवाड, पिपल्या एवं इसरदा गाँवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन शिविरों में किसानों को पोषण वाटिका, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कीट नियंत्रण के जैविक उपायों, और जलवायु अनुकूल फसलों की जानकारी दी गई। महिलाओं को घरेलू पोषण, किचन गार्डन और समूह आधारित कृषि गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित यह पहल ग्रामीण किसानों को न केवल तकनीकी जानकारी उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रेरित कर रही है। किसानों ने अभियान की सराहना की और इसे खेती के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now