प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के निराला नगर में स्थित एक मकान में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब बोरिंग का कार्य देख रहे एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जयसिंह (42) पुत्र स्वर्गीय अवध नारायण सिंह निवासी मोहनपुर खंडेहा थाना मऊ जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जयसिंह वर्तमान में प्रयागराज के शंकरगढ़ में रह रहे थे और वीरेंद्र कुमार दुबे के मकान में बोरिंग का कार्य देख रहे थे। शाम लगभग 5:30 बजे उनके सहयोगी पंकज प्रसाद तिवारी ने पुलिस को सूचित किया कि जयसिंह ने कमरा बंद करके पंखे में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। शंकरगढ़ प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।