वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत मीडिया राउंड टेबल आयोजित
डीग, 14 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जारी वन्दे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत शनिवार को पंचायत समिति सभागार में मीडिया राउंड टेबल का आयोजन किया गया। इस दौरान जल संरक्षण और संग्रहण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों से अवगत करवाया गया एवं जल संरक्षण का महत्व बताया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मनीष कुमार पाण्डेय ने अभियान की रूपरेखा और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि एक जन अभियान है, जिसकी सफलता जन-सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले भर में पुराने जल स्रोतों जैसे तालाबों, बावड़ियों, और एनीकटों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है तथा नए जल संरक्षण ढांचे भी तैयार किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर l तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि मानसून से पूर्व वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण के लिए चेक डैम निर्माण, नहरों की सफाई और कैचमेंट एरिया ट्रीटमेंट जैसे कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भूजल स्तर को रिचार्ज करना और सिंचाई के लिए जल उपलब्धता बढ़ाना हैं।
उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल स्रोतों को स्थायी बनाने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल की पहुँच सुनिश्चित करने में मदद करना भी है। इस दौरान अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जल संरक्षण के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।