“धरती आबा“ शिविरों का जमीनी निरीक्षण


राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के संयुक्त सचिव ने भूरी पाहड़ी और डूंगरी में जनजातीय लोगों के परिवाद सुने

सवाई माधोपुर, 25 जून। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के संयुक्त सचिव अमित निर्मल ने जिले में संचालित “धरती आबा“ जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत लग रहे शिविरों का बुधवार को भूरी पाहड़ी और डूंगरी ग्राम पंचायतों में पहुँचकर ज़मीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में की जा रही गतिविधियों का अवलोकन करते हुए लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद किया।
संयुक्त सचिव ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजातीय समाज के हित में केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, “धरती आबा जैसे समग्र जनकल्याण कार्यक्रम जनजातीय सशक्तिकरण की नींव हैं। इनका ईमानदारीपूर्वक संचालन ही इन समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगा।”
शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सामाजिक सुरक्षा, स्वरोजगार और भूमि अधिकार से जुड़ी विभिन्न सरकारी सेवाएं जनजातीय नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन शिविरों में मौके पर ही लाभार्थियों की शिकायतों का समाधान, आवेदन निस्तारण और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अमित निर्मल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना का क्रियान्वयन संवेदनशीलता के साथ हो और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने की प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिविरों को जनकल्याण की दिशा में एक उपयोगी पहल बताया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत डूंगरी स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा धरती आबा बिरसा मुंडा की जीवनी और उनके योगदान पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किए गए, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।
इस मौके पर परियोजना अधिकारी स्वच्छ परियोजना जयपुर ओमप्रकाश मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित।

यह भी पढ़ें :  राजस्थान विधानसभा चुनाव कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची; देखें कौन कहाँ से चुनावी रण में


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now