सवाई माधोपुर| जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे चोरी, नशाखोरी व अपराधियों के धर पकड़ अभियान के तहत बौंली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विद्यालयों से चोरी के तीन आरोपियों को मात्र तीन दिवस में ही चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की हैl बौंली पुलिस द्वारा चोरी के आरोपियों का नगर में जुलूस निकाला गया, जिससे आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय व्याप्त हो गयाl प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अगस्त 2025 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौंली के कार्यवाहक प्रधानाचार्य धर्मसिंह बैरवा ने मामला दर्ज कराते हुए अवगत कराया था कि 9 अगस्त रक्षाबंधन व 10 अगस्त रविवार को विद्यालयों का अवकाश होने के कारण दो दिन में अज्ञात चोरों द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से एक इलेक्ट्रॉनिक स्पीकर व सहशाला विद्यालय से दो गैस सिलेंडर चुरा कर ले गए व अन्य कमरों से सामान खुर्द बुर्द कर गएl मामले की गंभीरता को देखते हुए हैड कांस्टेबल धर्मेंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल कांस्टेबल मुकेश व शीशराम की कर्मेष्ठी तेज तर्रार टीम ने लगातार मुखबिर तंत्र व तकनीकी अनुसंधान के बाद मात्र 3 दिन में ही तीन आरोपी शौजी राम गुर्जर उम्र 23 वर्ष, मनीष रैगर उम्र 27 वर्ष व वसीम शाह उम्र 24 वर्ष निवासी बौंली को गिरफ्तार कर उनके घरों से चोरी के प्रकरण में चोरी हुए दो गैस सिलेंडर व एक इलेक्ट्रॉनिक स्पीकर को बरामद किया हैl पुलिस ने अभियोग संख्या 290/ 2025 धारा 331(4)305(ई) बीएनएस में मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया एवं एक दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त किया हैl गिरफ्तार चोरी के तीनों आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातें खुलने की भी संभावना है, पुलिस अनुसंधान जारी है|
1996 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 1996 से दैनिक भास्कर में बौंली, बामनवास एवं सन 2000 में दैनिक भास्कर ब्यूरो चीफ गंगापुर सिटी। 2003 से पंजाब केसरी और वर्तमान में राष्ट्रदूत। अनेकों चैनल व अखबारों में कार्यरत हैं। आवाज आपकी न्यूज पोर्टल में पत्रकार हैं।