जैन स्मार्ट श्रीमती प्रतियोगिता व भजन संध्या का आयोजन


सवाई माधोपुर 7 सितम्बर। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से मनाये जा रहे पर्युषण पर्व के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत वर्षायोग समिति के तत्वावधान में गत दिनों चमत्कार के विशुद्धमति सभागार में जैन स्मार्ट श्रीमती प्रतियोगिता हुई। जिसमें महिला पुरुषों की जोड़ी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सीनू-सुनील जैन श्रीमाल की जोड़ी जैन स्मार्ट श्रीमती बनी। जिसकी ताजपोशी मुख्य अतिथि प्रवीण जैन, विशिष्ट अतिथि विमल सोगानी व सुभाष अजमेरा ने हर्ष ध्वनियों के बीच की। निर्णायक की भूमिका नरेश बज व चंद्रकला बाकलीवाल ने निभाई। मंच संचालन सौरभ बज, अभिषेक सोगानी, पुष्पा जैन श्रीमाल, मंजू पहाड़िया व सुनीता लोंग्या ने किया।
इसी प्रकार चमत्कार मंदिर में शनिवार को भजन संध्या हुई। जिसमें पंडेर की गायिका कमलेश जैन व समाज के गायक राजेश बाकलीवाल एंव सुधा संगीत मंडली के गायकों द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की दी गई प्रस्तुतियों पर श्रोता मंत्र मुग्ध हो कर खूब झूमे।
उन्होने बताया कि सोमवार को क्षमावाणी के साथ पर्युषण पर्व का समापन होगा। 9 सितम्बर को आलनपुर स्थित दिगंबर जैन नेमिनाथ अतिशय क्षेत्र दीवानजी की नसिया एवं 14 सितम्बर को संभवनाथ दिगंबर जैन मंदिर रणथंभौर का वार्षिकोत्सव विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। साथ ही चमत्कार मंदिर आलनपुर से दिगंबर जैन मंदिर रणथंभौर तक पद यात्रा जाएगी।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now