भीलवाड़ा स्वास्थ्य समिति बैठक: मौसमी बीमारियों की रोकथाम और टीबी उन्मूलन पर जोर


मौसमी बीमारियों की रोकथाम, टीबी स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। जिला स्वास्थ्य समिति बैठक में बुधवार को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार आईएमए हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने की। बैठक में चिकित्सा अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर

बैठक के दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने मानसून के मौसम को देखते हुए संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी चिकित्सा संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही आरक्षित बेड की उपलब्धता, एंटी-लार्वल गतिविधियों का संचालन, ब्लड स्लाइड संग्रह तथा रोगी मिलने पर आसपास के क्षेत्रों में सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने प्रत्येक रविवार को सूखा दिवस आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके। इसके अलावा सभी चिकित्सा संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा

बैठक में जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए हाई-रिस्क श्रेणी के 449 गांवों में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में भी टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने तथा अधिक से अधिक निक्षय मित्रों का पंजीयन कराने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए सभी चिकित्सा संस्थानों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश

बैठक में एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग, सर्वाइकल कैंसर जांच, पॉजिटिव मामलों की पोर्टल पर रिपोर्टिंग तथा आभा आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन सभी कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा टीकाकरण, परिवार कल्याण कार्यक्रम, एएनसी पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जांच योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिन चिकित्सा संस्थानों की प्रगति अपेक्षाकृत कम रही, उन्हें शीघ्र सुधार करते हुए सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में डीडीडब्ल्यूएच डॉ. अशोक खटवानी, डब्ल्यूएचओ की डॉ. स्वाती मित्तल, डीपीएम योगेश वैष्णव, डीपीओ सुमित श्रीमाली, डाटा मैनेजर तरुण चाष्टा सहित सीएमएचओ कार्यालय के अधिकारी तथा जिले के सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी योजनाओं के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *