प्रदेश की प्रगति में मजबूत सड़क तंत्र का योगदान महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री

Support us By Sharing

प्रदेश की प्रगति में मजबूत सड़क तंत्र का योगदान महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री

– मुख्यमंत्री ने 4101 सड़क विकास कार्यों का किया शिलान्यास
– 1528 करोड़ रुपए से 2642 कि.मी. लम्बाई की सड़कों के होंगे कार्य
– समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक कार्यों के लिए विभाग को दिए निर्देश

भरतपुर/जयपुर, 15 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 232 नगर निकायों में 4101 सड़क विकास कार्यों का शिलान्यास किया। 1528 करोड़ रुपए लागत के इन सड़क विकास कार्यों से राज्य में 2642 कि.मी. लम्बाई की सड़कों का निर्माण और विकास होगा
श्री गहलोत ने शिलान्यास समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेशवासियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की प्रगति में मजबूत सड़क तंत्र का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा सड़कों के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण कार्य करा रही है। इनमें वर्ष 2011 की जनगणना अनुसार 250 से अधिक जनसंख्या वाले ट्राइबल व डेजर्ट क्षेत्रों तथा 350 से अधिक जनसंख्या वाले अन्य क्षेत्रों को भी सड़कों से जोड़ा जा रहा है। सरकार द्वारा सड़कों के निर्माण में कमी नहीं रखी जा रही है।


मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़कों की गुणवत्ता के साथ कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीकर में सड़क के गड्ढे में गिरने से बच्चे की अकाल मृत्यु पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। विभागीय विशेषज्ञों व थर्ड पार्टी ऑडिटर के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर निगरानी रखें। इसमें स्थानीय आमजन भी अहम जिम्मेदारी निभाएं।
श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान सड़क तंत्र में आगे बढ़कर देश का मॉडल स्टेट बन रहा है। राज्य में सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, कृषि, पानी, बिजली तथा उद्योग सहित हर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है। राज्य सरकार वर्ष 2030 तक राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के विजन पर प्रतिबद्ध है।

ब्लैक स्पॉट दुरुस्त, दुर्घटनाओं में आएगी कमी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाएं रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के 1548 ब्लैक स्पॉट को चिंहित कर 1365 को दुरूस्त कर दिया गया है। विशेषज्ञों द्वारा निरीक्षण के साथ ही अब बनाने वाली कम्पनी की जिम्मेदारी भी 5 साल कर दी गई है। वहीं, जयपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड़ एण्ड बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन के निर्माण के लिए 55 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

3 सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाने की पहल

श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश में शाहजहांपुर से अजमेर, बर से बिलाड़ा (जोधपुर) एवं सीकर से बीकानेर सड़क मार्गों को सड़क दुर्घटना मुक्त कराने के लिए विशेषज्ञों द्वारा ऑडिट कराई गई है। इसके ब्लैक स्पॉट और अन्य दुर्घटना के कारणों को दुरुस्त कराकर इन्हें दुर्घटना मुक्त बनाने की पहल की गई है। इनका कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा।

1.79 करोड़ परिवार पंजीकृत, मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में महंगाई राहत कैंप लगाए गए। इनमें 1.79 करोड़ से अधिक परिवारों ने पंजीयन कराकर 7.60 करोड़ से अधिक गारंटी कार्ड प्राप्त किए हैं। इन परिवारों को चिकित्सा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व बिजली सहित 10 योजनाओं में राहत मिलना शुरू हो गई है। वहीं, प्रशासन शहरों/गांवों के संग अभियानों में 8.50 लाख से अधिक पट्टे जारी किए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा पट्टों के लिए कई नियमों में संशोधन भी किया गया है।

सड़क तंत्र में भी राजस्थान मॉडल स्टेट

समारोह में नगरीय विकास मंत्री श्री शांती कुमार धारीवाल ने कहा कि नगर निकायों में सड़कों के कार्य हर वर्ष बढ़ाकर आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाया जा रहा है। इसमें जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता की राय लेकर कार्य हो रहे हैं। सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री भजन लाल जाटव ने कहा कि साढ़े चार वर्ष में सड़क क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। नई ग्राम पंचायतों से लेकर मिसिंग लिंक, गांव-शहरों में नई सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण तीव्र गति से कराए जा रहे हैं। अब सड़क तंत्र में भी राजस्थान मॉडल स्टेट बन गया है।
समारोह में सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री वैभव गालरिया ने बताया कि वर्ष 2021-22 में निकायों के 2189 कार्यों में से 2083 (95 प्रतिशत) तथा वर्ष 2022-23 में 3368 में से 2469 (74 प्रतिशत) कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री के साथ सभी नगर निकायों से मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं आमजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से किया जिले के सड़क कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने शनिवार को वी.सी. के माध्यम से नगर निकायो में बजट घोषणा 2023-24 के तहत जिले के 12 नगरीय क्षेत्रों में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराये जाने वाले सडक कार्यों का शिलान्यास किया।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले के 12 नगरीय क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया जिसमें 226 सड़क निर्माण कार्यों जिनकी लम्बाई 160.96 किलोमीटर है इसके लिए 86 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र भरतपुर में 20 करोड़ की लागत के 23 सड़क निर्माण कार्योंे जिनकी लम्बाई 38.53 किमी तथा प्रत्येक नगर निकायों में 6-6 करोड़ की लागत के सड़क निर्माण कार्य कराये जायेंगे जिनमें नगरपालिका बयाना में 15 कार्यों जिनकी लम्बाई 6.42 किमी, नगरपालिका रूपवास में 13 कार्यों जिनकी लम्बाई 11 किमी, नगरपालिका उच्चैन में 29 कार्यों जिनकी लम्बाई 20 किमी, नगरपालिका भुसावर में 07 कार्यों जिनकी लम्बाई 10.10 किमी, नगरपालिका कुम्हेर में 23 कार्यों जिनकी लम्बाई 7.15 किमी, नगरपालिका डीग में 28 कार्यों जिनकी लम्बाई 10.82 किमी, नगरपालिका नगर में 10 कार्यों जिनकी लम्बाई 11.95 किमी, नगरपालिका सीकरी में 10 कार्यों जिनकी लम्बाई 11.65 किमी, नगरपालिका कामां में 28 कार्यों जिनकी लम्बाई 11.05 किमी, नगरपालिका नदबई में 30 कार्यों जिनकी लम्बाई 8.91 किमी एवं नगरपालिका वैर क्षेत्र के 10 सड़क निर्माण कार्यों जिनकी लम्बाई 13.38 किमी के कार्यादेश जारी कर दिये गये हैं।
भरतपुर के वेटनरी कॉलेज में आयाजित कार्यक्रम में पार्षद सतीश सोगरवाल, दीपक मुद्गल, मुकेश कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन रतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्रीमती बीना महावर, नगर निगम आयुक्त सुभाष गोयल, उपखण्ड अधिकारी भरतपुर देवेन्द्र सिंह परमार, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता हरीकेश मीना सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

जिले में यहां हुए कार्यक्रम

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि नगर निगम भरतपुर के वेटनरी कॉलेज, नगरपालिका बयाना, रूपवास, उच्चैन, कुम्हेर, डीग, कामां, नदबई एवं वैर के पंचायत समिति सभागार में एवं पंचायत समिति भुसावर के अम्बेडकर भवन रणधीरगढ़ रोड, नगर के अम्बेडकर भवन में एवं नगरपालिका सीकरी के राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय में कार्यक्रमों का आयोजन शनिवार को दोपहर 12 बजे से किया गया। उक्त कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों सहित आमजन उपस्थित रहे।


Support us By Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!