सौर ऊर्जा, स्वच्छ जल एवं तंबाकू मुक्त अभियान को गति देने पर दिया जोर
डीग। जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल ने गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में विद्युत, जलदाय एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं की प्रगति को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।बैठक में जिला कलेक्टर ने विद्युत विभाग को पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक आमजन को सौर ऊर्जा से जोड़ने, उन्हें इसके लाभों से अवगत कराने तथा लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को शीघ्र सोलर कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएं।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए गए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद संबंधित क्षेत्र की सड़क मरम्मत, नल एवं बिजली कनेक्शन की व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संभावित 55,000 जल कनेक्शनों में से 46,000 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, शेष कनेक्शन शीघ्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही ओटीएमपी में लगभग 14 किलोमीटर सड़क मरम्मत कार्य प्रगतिशील है।
जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को नगर एवं डीग क्षेत्र में लंबित कनेक्शनों का शीघ्र निस्तारण कर समन्वयपूर्वक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग की बैठक में कौशल ने “तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन” के प्रभावी संचालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने गांव-गांव प्रचार-प्रसार, वॉल पेंटिंग, सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरण, विद्यालयों एवं मोहल्लों में तंबाकू मुक्त शपथ दिलाने जैसे जागरूकता कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा संस्थानों में दवा उपलब्धता, टीकाकरण, एएनसी पंजीकरण, टीवी नियंत्रण, परिवार नियोजन, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं “शुद्ध के लिए युद्ध” अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने इन सभी कार्यक्रमों में और सुधार लाने तथा बेहतर परफॉर्मेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।