शहरी सेवा शिविर में ब्रजेश को मिला पट्टा, कृष्ण कुमार को 49 वर्ष पुराने मृत्यु प्रमाण पत्र


सीकरी नगर पालिका के शिविर में वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण, लाभार्थियों को मिली बड़ी राहत।

डीग। अमर दीप सेन।राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 के तहत नगर पालिका सीकरी में गुरुवार को आयोजित शिविर आमजन के लिए राहत लेकर आया। शिविर में उपखंड एवं नगर पालिका प्रशासन की सक्रियता से वर्षों से लंबित और जटिल मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इससे लाभार्थियों को बिना विभागीय चक्कर लगाए महत्वपूर्ण दस्तावेज और सेवाओं का लाभ मिल सका।

ब्रजेश खण्डेलवाल को मिला आवास का वैध पट्टा

शिविर के दौरान सीकरी निवासी ब्रजेश खण्डेलवाल पुत्र झम्मन लाल के आवास संबंधी लंबित प्रकरण का मौके पर समाधान किया गया। उन्होंने नगर पालिका सीकरी में आवासीय पट्टे के लिए आवेदन किया था।

शिविर में मौजूद उपखंड अधिकारी सीकरी एवं नगर पालिका सीकरी के अधिशाषी अधिकारी ने नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही आवास का वैध पट्टा सौंप दिया। अपने आशियाने का मालिकाना हक मिलने पर ब्रजेश खण्डेलवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का आभार जताया।

49 वर्ष पुराने मृत्यु प्रमाण पत्र भी हुए जारी

शिविर में प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक और उदाहरण तब देखने को मिला, जब सीकरी निवासी कृष्ण कुमार पुत्र घनश्याम को उनके दादा-दादी के 49 वर्ष पुराने मृत्यु प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध कराए गए।

कृष्ण कुमार ने अपने दादा स्वर्गीय वांकेलाल एवं दादी स्वर्गीय पुन्नी के वर्ष 1977 के मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था।

प्रशासनिक टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रिकॉर्ड का सत्यापन किया और दोनों मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर आवेदक को शिविर में ही सौंप दिए।

एक ही छत के नीचे मिला वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान

बिना किसी विभागीय जटिलता और सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाए दोनों लाभार्थियों को एक ही छत के नीचे राहत मिल गई। एक ओर ब्रजेश खण्डेलवाल को आवास का वैध पट्टा मिला, वहीं दूसरी ओर कृष्ण कुमार को उनके परिवार से जुड़े 49 वर्ष पुराने आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हुए।

दोनों लाभार्थियों और उनके परिवारों ने वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान पर खुशी जताई तथा राज्य सरकार, उपखंड प्रशासन और नगर पालिका सीकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से आमजन को पारदर्शी, सरल और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *