यमुना नदी में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का सख्त एक्शन; गुप्त रास्ते ध्वस्त,खनन माफियाओं में हड़कंप


प्रयागराज।राजदेव द्विवेदी। जनपद के यमुनानगर लालापुर थाना क्षेत्र के यमुना नदी में नौढिया,पंडुवा, प्रतापपुर, सेमरी आदि घाटों और आसपास के अन्य चिन्हित स्थानों पर हो रहे अवैध बालू खनन के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने व्यापक और प्रभावी अभियान चलाया। खनन इंस्पेक्टर वैभव सोनी और लालापुर थाना प्रभारी अनुभव सिंह के नेतृत्व में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कई बिंदुओं पर एक साथ पहुंचकर रास्ते को बंद कराया। टीम ने उन मार्गों और घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया जहां से अवैध रूप से बालू की निकासी और परिवहन किया जा रहा था। तत्पश्चात जेसीबी से विभिन्न स्थानों पर गड्ढे खुदवाए गए ताकि अवैध खनन की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जा सके।यमुना घाटों पर संयुक्त छापेमारी की गई, जहां से अवैध बालू को जेसीबी की मदद से यमुना नदी में पलटवा दिया गया। खनन माफियाओं द्वारा बनाए गए गुप्त रास्तों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।अवैध रूप से निकाली गई बालू को जेसीबी की मदद से यमुना नदी में पलटवा दिया गया।पुलिस व खनन विभाग की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार हो गए। खनन इंस्पेक्टर ने बताया कि अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और आगे भी ऐसे ही नियमित कार्यवाही जारी रहेगी। इस कार्यवाही से अवैध खनन माफियाओं में बड़ा झटका लगा है और क्षेत्रीय लोगों में प्रशासन की इस कार्यवाही से सराहना हो रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यमुना नदी के कई घाटों पर अवैध खनन की शिकायतें मिली थी, इसके बाद यह कार्यवाही की गई है। जिससे अवैध खनन पर अंकुश लगेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें :  दो शातिर बाइक चोर चढ़े शंकरगढ़ पुलिस के हत्थे


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now