डीग। अभिभाषक संघ डीग का एक प्रतिनिधिमंडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध पाराशर के नेतृत्व में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से उनके डीग स्थित निवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नवसृजित डीग जिले के उपखंड डीग, कुम्हेर, नगर, पहाड़ी, सीकरी और कामां से संबंधित राजस्व अपील मामलों की लंबित पत्रावलियों को भरतपुर मुख्यालय से डीग कैंप न्यायालय में सुनवाई के लिए स्थानांतरित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान में इन क्षेत्रों के राजस्व अपील प्रकरण भरतपुर मुख्यालय पर लंबित हैं, जिससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए लंबित मामलों को राजस्व अपील अधिकारी कैंप न्यायालय डीग में स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शीघ्र ही डीग में राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय को स्थायी रूप से खोलने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट अनिल कुमार गुप्ता, नीरज वर्मा, राजेश गुप्ता, मुकेश कश्यप और प्रवीण चौधरी उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अनिल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने गृह राज्य मंत्री बेढ़म को साफा पहनाकर उनका अभिनंदन भी किया।