आगूंचा में विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका, चालक की मौत


धमाके से पिकअप का इंजन 10 फीट दूर जा गिरा, आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें और खिड़कियों के शीशे टूटे

भीलवाड़ा। जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र के आगूंचा गांव में सोमवार सुबह श्मशान मार्ग स्थित एक बाड़े में खड़ी विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फीट दूर जा गिरा। वाहन की चेचिस और टायर भी दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। धमाके की तेज आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

धमाके से दहले मकान, दीवारों में आई दरारें

घटना आगूंचा गांव में श्मशान मार्ग स्थित रामदेव खटीक के बाड़े में हुई। यहां विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप खड़ी थी। सोमवार सुबह हुए धमाके से बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि कुछ घरों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है।

धमाके की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अनहोनी की आशंका में घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। घटनास्थल पर पिकअप के क्षतिग्रस्त हिस्से दूर-दूर तक बिखरे नजर आए।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची

धमाके की सूचना मिलने पर हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की आपदा प्रबंधन टीम, हुरड़ा तहसीलदार रविंद्र सिंह चौहान और गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

आपदा प्रबंधन टीम को घटनास्थल पर बिखरे कबाड़ के बीच काफी मात्रा में नकदी भी मिली। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिकअप आगूंचा गांव तक कैसे पहुंची और वहां उसे खड़ा करने का उद्देश्य क्या था।

बूंदी निवासी चालक की मौत

गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार (35) की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप का इंजन वाहन से अलग होकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। विस्फोट के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

फॉरेंसिक टीम करेगी विस्फोट के कारणों की जांच

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच में पिकअप में रखी सामग्री की प्रकृति और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जाएगा।

फिलहाल विस्फोट के कारण, सामग्री के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े सवालों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *