रेंग रहा गंगापुर सिटी; अतिक्रमण भी मुख्य भूमिका में
गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। गंगापुर सिटी में बदहाल सड़कों, अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंगापुर सिटी के उदेई मोड़, सलोदा, आदर्श नगर, कचहरी रोड, जामा मस्जिद, कैलाश टाकिज, ट्रक यूनियन आदि मुख्य रास्तों पर हमेशां ट्रैफिक जाम बना ही रहता है।
शहर में L&T कंपनी के चल रहे कार्य के चलते जगह-जगह सड़कें खोदी गई हैं। कई स्थानों पर जैसे उदेई मोड़ से लेकर सैनिक नगर तक, मरम्मत सही तरीके से नहीं होने के कारण आए दिन वाहन सड़क में धंस जाते हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। स्थिति को और गंभीर बनाने में अतिक्रमण भी अपनी पूरी भूमिका निभा रहा है। बाजारों और मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और ट्रैफिक जाम लगना आम बात हो गई है।
https://www.facebook.com/share/v/17ubC9RC3s/
लगातार बिगड़ती व्यवस्था के कारण गंगापुर की सड़कें अब लोगों के लिए किसी नरक से कम नहीं रह गई हैं। खराब सड़कों और जाम के कारण आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग जाता है। ट्रैफिक जाम का असर अब शहर के व्यापार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जाम और अव्यवस्था के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम हो रही है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गंगापुर में कई बार पांच-पांच घंटे तक जीवन रेंगता हुआ नजर आता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण से शहर को कब राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।