डीग के बहज में रास्ते कीचड़ से परेशान ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़े, आश्वासन के बाद उतरे


चार वर्षों से अधूरे पड़े रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध, प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन।

डीग। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बहज गांव में वर्षों से अधूरे पड़े रास्ते और बरसात के दौरान कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर महिला और पुरुष ग्रामीण गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा समझाइश के बाद ग्रामीणों को सुरक्षित नीचे उतारा।

चार साल से अधूरा पड़ा है रास्ता

ग्रामीणों के अनुसार करीब चार वर्ष पहले रास्ते की खुदाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बरसात के दौरान पूरा मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बच्चे प्रतिदिन इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

प्रशासन के आश्वासन तक टंकी से उतरने से किया इनकार

बुधवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए और स्पष्ट कहा कि जब तक रास्ते के निर्माण का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की।

इसके बाद सरपंच प्रशासक सुभाष बाबू भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि रास्ते की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। एसआई मंगतू सिंह ने भी ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत किया।

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

करीब एक घंटे तक चली समझाइश और अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण पानी की टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हुए। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बरसात के मौसम को देखते हुए रास्ते का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि गांववासियों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *