Bayana : नगरपालिका ने पुलिस की मौजूदगी में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ चलाया अभियान, काटे चालान


नगरपालिका ने पुलिस की मौजूदगी में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ चलाया अभियान, काटे चालान

बयाना, 12 मई। नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को बयाना कस्बे पुलिस जाब्ते के साथ बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान नपा ईओ ममता चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कस्बे के गणेशी मार्केट, सराय गली से पुरानी सब्जी मंडी होते हुए गांधी चौक तक के बाजार में जगह-जगह दुकानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 250 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पाद जब्त किए गए। इसके साथ ही बाजार की सड़क सीमा में ठेली, रेहड़ी आदि लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। टीम को देखकर प्लास्टिक के ग्लास, दोना, चम्मच, पत्तल, पॉलिथीन विक्रेताओं और होलसेलरों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने टीम का हल्का विरोध भी किया। लेकिन पुलिस को देख उनकी एक न चली। वहीं कई दुकानदारों ने नगरपालिका की इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि नगरपालिका के कुछ कर्मचारी प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचने वाले दुकानदारों से मिले हुए हैं। जो अभियान शुरू करने से पहले ही उन्हें सूचना दे देते हैं। कार्रवाई के दौरान दुकानों को छोड़ भी दिया जाता है। जानकार लोगों का कहना है कि गणेशी मार्केट में प्लास्टिक से बने गिलास, चम्मच, दोना पत्तल आदि का बड़ा मार्केट है। इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में दुकानों के साथ ही विक्रेताओं के घरों और गोदामों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पाद का स्टॉक किया हुआ है। लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को ऊंट के मुंह में जीरे के समान बताया। कार्रवाई के दौरान टीम में ईओ ममता चौधरी के साथ सफाई निरीक्षक पवन कुमार, नाहर सिंह, अमर सिंह धाकड़, पुलिस एएसआई अतर सिंह आदि भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  विद्युत वितरण निगम कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन
नगरपालिका ने पुलिस की मौजूदगी में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ चलाया अभियान, काटे चालान

P.D. Sharma


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now