कुशलगढ़|मामा बालेश्वर दयाल राजकीय महाविद्यालय कुशलगढ़ एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय कुशलगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में महिला प्रकोष्ठ द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आयुर्वेदाचार्य डाॅ मधुसूदन शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि उत्तम स्वास्थ्य मानव शरीर की प्रथम पूंजी है। वर्तमान भौतिकतावादी युग में हम अपना आहार विहार संतुलित रुप से समन्वित नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण अनेक रोग बढ़ते जा रहे है ,जो चिन्ता का विषय है। चिकित्सा विज्ञान में नित्य नये शोध हो रहे हैं किन्तु बीमारियां भी नये रुप धारण कर रही है। इसके लिए हमें स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहकर हमारी भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में बताये रोग निवारण उपायों को वापस अपनाना होगा। स्वस्थ रहने के लिए नित्य योग करें व सकारात्मक ऊर्जा युक्त स्वस्थ वातावरण में रहे। हमारा रसोईघर सबसे मुख्य औषधालय है। जहाँ उपलब्ध जड़ी बूटी मसाले जिसका उपयोग कर हम स्वस्थ जीवनशैली अपना सकते हैं। विद्यार्थी भागदौड़ के इस युग में फास्ट फ़ूड से दूर रहे। डाॅ पूजा शर्मा ने बालिकाओं को किशोर अवस्था में शारीरिक व मानसिक रुप से स्वच्छता के आधारभूत पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महिलाओं में होने वाले रोगों के उचित निदान के उपाय बताये। प्राचार्य महेन्द्र कुमार देपन ने कहा कि स्वच्छ व स्वस्थ जीवनशैली दीर्घायु जीवन का आधार है। अच्छी संगति मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करती है। कार्यक्रम में सहायक आचार्य कन्हैयालाल खांट , माखनसिंह मीना , डाॅ कविता , डाॅ भावना उपाध्याय , प्रियंका भाभोर व निरमा डामोर सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।