फर्जी धान खरीद घोटाले के विरुद्ध भाकियू आजाद हिंद ने किया जोरदार प्रदर्शन


तहसीलदार करछना के माध्यम से सीएम योगी को संबोधित ज्ञापन सौंपा

प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन आजाद हिंद संगठन ने सोमवार को सैकड़ों किसानों के साथ तहसील करछना, प्रयागराज में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा जिला अध्यक्ष प्रयागराज प्रतीक सिंह कोयल के नेतृत्व में किसानों ने तहसीलदार करछना के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में फर्जी धान खरीद घोटाले में डिप्टी आर.वाई.एम.ओ., पीसीएफ प्रबंधक और आरएफसी प्रयागराज की संलिप्तता की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।संगठन ने आरोप लगाया कि फरवरी माह में प्रयागराज के विभिन्न धान क्रय केंद्रों पर फर्जी खरीद जारी रही। इससे पहले 27 फरवरी 2025 को भी युवा जिला अध्यक्ष द्वारा नायब तहसीलदार करछना को इस भ्रष्टाचार के सबूत सौंपे गए थे। संगठन का कहना है कि इसी प्रकार के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले सीतापुर के पत्रकार की हत्या कर दी गई थी, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पत्रकारों और संगठन पदाधिकारियों को खतरा
संगठन ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा है। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धान खरीद सिंडिकेट से जुड़े माफिया मामले को उजागर करने वालों के खिलाफ षड्यंत्र रच सकते हैं। संगठन ने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल किया है कि क्या सरकार इस भ्रष्टाचार पर रोक लगा पाएगी या आवाज उठाने वालों की हत्याएं होती रहेंगी?
उच्च स्तरीय जांच व सुरक्षा की मांग
प्रदेश संगठन मंत्री राकेश त्रिपाठी ने कहा कि यदि सरकार पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों की सुरक्षा नहीं दे सकती, तो समाजसेवियों और पत्रकारों को अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। उन्होंने मांग की कि—फर्जी धान खरीद घोटाले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। दिवंगत पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता व परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।इंटेलिजेंस और एलआईओ को सक्रिय कर भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों को सुरक्षा दी जाए।
सरकार की अनदेखी पर होगा बड़ा आंदोलन
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि संतोषजनक कार्यवाही नहीं हुई तो प्रयागराज, जौनपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ समेत विभिन्न जिलों से हजारों किसान लखनऊ कूच करेंगे और मुख्यमंत्री आवास (5 कालिदास मार्ग) पर धरना देंगे।इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश संगठन मंत्री राकेश त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष प्रयागराज राहुल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रयागराज कृष्ण राज सिंह, महिला जिला अध्यक्ष मधु आदिवासी, जिला संरक्षक हबीब फातिमा, तहसील अध्यक्ष अनुराग सिंह, जिला उपाध्यक्ष अंकित सिंह, जिला महासचिव बबीता गौतम, तहसील मीडिया प्रभारी शशि कुशवाहा, करछना ब्लॉक सचिव रुचि देवी, करछना तहसील सचिव प्रीति कुशवाहा, कौशल्या देवी, सुमन अवस्थी, अंशुमान त्रिपाठी सहित कई किसान नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now