स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों से रोज़ाना सैकड़ों लोग स्वास्थ्य परामर्श, योग और उपचार सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा शास्त्री नगर स्थित भारत विकास भवन में विभिन्न निःशुल्क सेवा प्रकल्पों का समर्पित भाव से संचालन किया जा रहा है। इन प्रकल्पों के माध्यम से आमजन को बिना किसी शुल्क के स्वास्थ्य परामर्श, उपचार एवं योग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा कार्यों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
रविवार को आयोजित सेवा शिविर में आयुर्वेद पद्धति से तैयार मधुमेह निवारक दवा का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही जोड़ों एवं घुटनों के दर्द से पीड़ित लोगों को विशेष औषधीय मलहम भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से बिना दवा और सर्जरी के जोड़ों के दर्द में राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिजियोथेरेपी और योग से मिल रहा स्वास्थ्य लाभ
भारत विकास भवन में संचालित फिजियोथेरेपी सेवा का भी बड़ी संख्या में लोग लाभ उठा रहे हैं। वहीं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योग गुरु कलकीराम के मार्गदर्शन में प्रतिदिन प्रातः 5:45 बजे से 7:15 बजे तक नियमित योग एवं प्राणायाम कक्षाओं का आयोजन किया जाता है।
इसके अलावा प्रदीप हिम्मतरामका द्वारा संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं सात्विक जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है, ताकि बीमारियों की रोकथाम के साथ स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
गुरु पूर्णिमा पर होंगे नए कार्यक्रम
परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी एवं कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका ने बताया कि शीघ्र ही भारत विकास भवन के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिषद भविष्य में भी समाजसेवा के ऐसे प्रकल्पों का विस्तार करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य एवं संस्कार आधारित सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
सदस्यों का रहा सक्रिय सहयोग
इन सेवा प्रकल्पों के सफल संचालन में प्रदीप जैन, बलवंत लढ़ा, मनोज माहेश्वरी, गोविंद प्रसाद सोडाणी सहित परिषद के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई और जनसेवा के इस अभियान को निरंतर गति प्रदान की।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।