भारत विकास परिषद उत्तर-पश्चिम क्षेत्र संगठन विस्तार में देशभर में नंबर-1 बना


संगठन पर्व के तहत 16,243 सदस्यों का अंशदान, 12 नई शाखाओं का गठन और 16 विकास रत्न व 106 विकास मित्र बनने की उपलब्धि।

भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। भारत विकास परिषद उत्तर-पश्चिम क्षेत्र ने संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सेवा पखवाड़े और परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में संगठन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी साझा की गई। राजस्थान में संगठन विस्तार के लिए किए गए सतत एवं सृजनात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप परिषद ने प्रथम तिमाही में ही उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

संगठन पर्व में 16,243 सदस्यों का अंशदान जमा

उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल और क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने बताया कि संगठन पर्व के अंतर्गत क्षेत्र के 16,243 सदस्यों का अंशदान केंद्रीय कार्यालय को प्रेषित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा 30 जून 2025 तक जमा हुए सदस्य अंशदान का 134 प्रतिशत तथा गत वर्ष की कुल सदस्यता का 96 प्रतिशत है। यह उपलब्धि पूरे देश में सर्वाधिक रही, जिससे उत्तर-पश्चिम क्षेत्र ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया।

12 नई शाखाओं का हुआ गठन

पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सत्र 2026-27 में अब तक 12 नई शाखाओं का गठन किया जा चुका है। इसके साथ ही परिषद के स्थापना दिवस पर संगठन के 63 वर्षों की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान सत्र में अब तक 16 विकास रत्न और 106 विकास मित्र भी बनाए गए हैं, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिली है।

सवाई माधोपुर में हुई क्षेत्रीय कार्यशाला

संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सवाई माधोपुर में क्षेत्रीय कार्यशाला का नवाचार के साथ सफल आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त कोटा, उदयपुर, जोधपुर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद और श्रीगंगानगर सहित विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय प्रबुद्ध एवं संपन्न वर्ग के साथ विशेष संपर्क बैठकों का आयोजन भी किया गया।

इन बैठकों का उद्देश्य संगठन के विस्तार, सामाजिक सहभागिता और सेवा कार्यों को नई दिशा देना रहा।

262 में से 254 शाखाओं में गतिविधि संयोजक नियुक्त

उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की कुल 262 शाखाओं में से 254 शाखाओं में गतिविधि संयोजकों की नियुक्ति की जा चुकी है। सभी शाखाएं प्रांतीय टीमों के समन्वय से केंद्र, क्षेत्र और प्रांत की अपेक्षाओं के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर रही हैं।

शीर्ष नेतृत्व ने जताई प्रसन्नता

समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय टीम की सक्रियता, सजगता और संगठनात्मक क्षमता की शीर्ष नेतृत्व ने सराहना की। इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बताते हुए पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी भारत विकास परिषद उत्तर-पश्चिम क्षेत्र संगठनात्मक उत्कृष्टता, सेवा कार्यों और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *