Bharatpur : श्री मित्र भारत समाज संस्थान के श्रीकृष्ण वृद्धाश्रम का हुआ लोकार्पण


श्री मित्र भारत समाज संस्थान के श्रीकृष्ण वृद्धाश्रम का हुआ लोकार्पण

बयाना, 13 मई। श्री मित्र भारत समाज संस्थान की ओर से बयाना के मुर्रकी गांव के पास नवनिर्मित श्रीकृष्ण वृद्धाश्रम का शनिवार को स्वामी हरि चैतन्यपुरी महाराज के सानिध्य में लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुनील दत्त रहे। अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र कुमार हर्ष ने की। अतिथियों ने फीता काटकर और शिला पट्टिका का अनावरण करते हुए वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया। वृद्धाश्रम का निर्माण एक करोड़ से भी अधिक की लागत से भामाशाहों और संस्था कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एडीजीपी सुनील दत्त ने कहा कि शास्त्रों के कथनानुसार बुजुर्गों की बात सुननी चाहिए। वृद्धाश्रम, एकल परिवार प्रणाली के कारण पनपी व्यवस्था है। पारिवारिक उपेक्षा, बेहतर अवसरों की तलाश में बच्चों के पैतृक घर से प्रवासन/पलायन से परिवारों के विघटन और शिक्षा, प्रौद्योगिकी आदि के मामले में नई पीढ़ी के साथ तालमेल नहीं बिठा पाने के कारण वृद्ध व्यक्तियों को वृद्धाश्रम की सहायता लेने को विवश करते हैं। जहां वे अपने जैसे अन्य लोगों के साथ रह सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार हर्ष ने कहा कि श्री मित्र भारत समाज संस्थान अब राष्ट्रीय स्तर का संगठन हो गया है। इसका मुख्यालय जयपुर के मुहाना मंडी में होगा। इस अवसर पर उन्होंने भूखंड का पट्टा संस्थान के संस्थापक भगवत कटारा को भेंट किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डीआईजी डॉ. विष्णुकांत ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रेष्ठ संकल्पों की पूर्ति करने में भगवान भी साथ देता है। जिस तरह से वृद्धाश्रम की स्थापना हुई है वो यह सिद्ध करती है कि मन से किए जाने वाले कार्य हमेशा सफल होते ही हैं। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय संरक्षक भजनलाल शर्मा ने संस्थान के कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि निरन्तरता व सक्रियता का ये संगठन सबसे बड़ा उदाहरण है।
संस्था की वृद्धाश्रम इकाई के पदाधिकारियों ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
संस्थान के संस्थापक भगवत कटारा ने वृद्धाश्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए निर्माण में सहभागिता निभाने वाले भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
संस्थान के महामंत्री पवन कुमार पारीक ने संस्थान की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वृद्धाश्रम इकाई के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने दानदाताओं की सूची पढ़ी।
विशिष्ट अतिथि मुकेश पार्षद, डॉ लक्ष्मी गुप्ता, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अनुराधा उपाध्याय आदि ने संबोधित किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता विष्णु पारीक ने मंच संचालन किया।

यह भी पढ़ें :  विद्या निकेतन विद्यालय में गुरू पूर्णिमा गुरु पूजन कार्यक्रम मनाया गया

P. D. Sharma


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now