पुलिस लाइन से जोधड़ास तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, अधिकारियों से कहा- बाधाएं दूर कर निर्धारित समय में पूरा करें काम
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली पुलिस लाइन से जोधड़ास तक प्रस्तावित 100 फीट सड़क परियोजना को लेकर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। विधायक ने यूआईटी और अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति देखी और परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
नाले, दीवार और सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने पुलिस लाइन के समीप निर्माणाधीन नाले, दीवार और सड़क निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। सड़क और उससे जुड़े निर्माण कार्य मजबूत तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार होने चाहिए।
पांडु नाले पर पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश
पांडु नाले पर पुलिया निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इसका तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांडु नाले पर पुलिया बनने से भविष्य में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
विभागों के बीच समन्वय कर दूर करें बाधाएं
विधायक कोठारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण के दौरान आने वाली बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान किया जाए। किसी भी विभागीय अड़चन के कारण परियोजना के काम में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ तय समयसीमा में परियोजना पूरी करने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि शहर का सुनियोजित विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस लाइन से जोधड़ास तक बनने वाली 100 फीट सड़क शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान यूआईटी के ओएसडी पुनीत गैलडा, एक्सईएन रामप्रसाद जाट, जेईएन रामेश्वर गुर्जर, एईएन गोपाल धाकड़, एईएन (विद्युत) कर्ण सिंह तथा एवीवीएनएल के एईएन नीरज शर्मा मौजूद रहे।
इसके अलावा अर्पित कोठारी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, संजय राठी, केदार जागेटिया, राघव आचार्य, विकास शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि बादल सिंह, पार्षद राधेश्याम भड़ाना, अजय पाराशर और महेंद्र प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी निरीक्षण में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।