भीलवाड़ा में 250 महिलाओं की कलश यात्रा से 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू


लखोटिया परिवार की पहल पर बापूनगर में निकली भव्य कलश यात्रा, संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा में उमड़े श्रद्धालु

भीलवाड़ा।पीले वस्त्रों में सजी-धजी 250 महिलाओं के सिर पर गायत्री महामंत्र अंकित कलश और वातावरण में गूंजते भक्ति के स्वर… बापूनगर में शनिवार को आस्था और अध्यात्म का ऐसा ही मनोहारी दृश्य देखने को मिला। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में लखोटिया परिवार की ओर से आयोजित 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

आयोजक कैलाश चन्द्र, सीए अंकित और पुलकित लखोटिया ने बताया कि कलश यात्रा बापूनगर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री शिव साईं राम कृष्ण मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण किए और भक्ति भाव के साथ आयोजन में भाग लिया।

विधि-विधान से हुआ गायत्री माता का पूजन

मंदिर परिसर में पुष्कर से पधारे विद्वान पंडित सुरेश शर्मा, देवेंद्र एवं उनके सहयोगियों ने वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीया माताजी तथा देवमाता, विश्वमाता और सृष्टि की आदि कारण मातेश्वरी गायत्री माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया।

इसके बाद कलश पूजन किया गया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर आरती की और आयोजन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरे वातावरण में गायत्री महामंत्र और भक्ति के स्वर गूंजते रहे।

संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा में उमड़े श्रद्धालु

शनिवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित प्रज्ञा पुराण पर आधारित संगीतमय कथा का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के सदस्यों सहित बापूनगर के निवासियों ने श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में कथा का श्रवण किया।

कथा के दौरान आध्यात्मिक चेतना, संस्कारों और सद्विचारों के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेरित किया गया।

रविवार को होगा 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विराट दीप यज्ञ

अखिल विश्व गायत्री परिवार, भीलवाड़ा की जिला समन्वयक सरोजना व्यास ने बताया कि रविवार को सुबह 7.30 बजे से 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित होगा। इसमें गर्भ संस्कार, विद्यारंभ संस्कार और जन्मदिवस संस्कार सहित विभिन्न संस्कार कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रविवार शाम 5 बजे विराट दीप यज्ञ का आयोजन होगा। इसमें माताएं और बहनें अपने घरों से पांच-पांच दीपक लेकर शामिल होंगी।

अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाने का संदेश

विराट दीप यज्ञ के माध्यम से अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाने का संदेश दिया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना, संस्कारों और सद्विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

लखोटिया परिवार की इस पहल के तहत आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सहभागिता से बापूनगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *