भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए, नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा चुनाव में सत्र 2026-29 के लिए पूरी कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हो गया। लगातार दूसरी बार अशोक कुमार बाहेती को जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं समाज के अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति बनने के बाद बिना किसी मुकाबले के चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। आनंदम् भवन, आजाद नगर में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई, जिससे समाज में एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतनलाल मण्डोवरा द्वारा जैसे ही निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की गई, सभा स्थल पर हर्ष का माहौल बन गया। समाजजनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और साफा पहनाकर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
समाज हित और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प
लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित जिलाध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती ने कहा कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, सेवा, सामाजिक समरसता और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता, चिकित्सा शिविरों का आयोजन, महिला उत्थान कार्यक्रम, युवाओं के लिए करियर मार्गदर्शन तथा नेतृत्व विकास गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही उनकी पहली प्राथमिकता अल्प आय वर्ग के परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहेगी, जिसके लिए विशेष अभियान तत्काल शुरू किया जाएगा।
ग्राम और तहसील स्तर तक पहुंचेंगी समाज की योजनाएं
अशोक कुमार बाहेती ने कहा कि ग्राम सभा, क्षेत्रीय सभा, तहसील सभा और नगर सभाओं के सहयोग से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा जाजू ट्रस्ट के माध्यम से विधवा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आदित्य बिड़ला समूह के सहयोग से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य होगा ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें। इसके साथ ही पात्र समाजबंधुओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से तहसील स्तर पर विशेष मेले और शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न योजनाओं की जानकारी, रोजगार के अवसर और सहायता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अंत में बाहेती ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास और जिम्मेदारी जताई है, उसे वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
निर्विरोध सम्पन्न हुई पूरी चुनाव प्रक्रिया
भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से समाज में उत्सुकता बनी हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदों पर केवल एक-एक उम्मीदवार होने से निर्विरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त हो गया।
चुनाव अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने विधिवत घोषणा करते हुए नई कार्यकारिणी को निर्वाचित घोषित किया। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई।
यह रही नई कार्यकारिणी
जारी सूची के अनुसार अशोक कुमार बाहेती को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इसके अलावा प्रदीप बल्दवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, केदार गगरानी उपाध्यक्ष (शहर), रामराय सेठिया उपाध्यक्ष (ग्रामीण), रमेश चन्द्र राठी मंत्री, सुशील कुमार मरोटिया अर्थमंत्री, संजय जागेटिया संगठन मंत्री, राजेन्द्र कुमार पोरवाल सहमंत्री (शहर), दिनेश तोषणीवाल सहमंत्री (ग्रामीण) तथा मानसिंह मूंदड़ा सहमंत्री (ग्रामीण) निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
सात पदाधिकारी लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने गए
चुनाव की विशेष बात यह रही कि अध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती, मंत्री रमेश चन्द्र राठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप बल्दवा, उपाध्यक्ष रामराय सेठिया, अर्थमंत्री सुशील कुमार मरोटिया, सहमंत्री (शहर) राजेन्द्र कुमार पोरवाल तथा सहमंत्री (ग्रामीण) दिनेश तोषणीवाल लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने इसे इन पदाधिकारियों की कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और समाज के विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में इन पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक गतिविधियों को गति देने और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई
निर्वाचन की घोषणा के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी रतनलाल मण्डोवरा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन में केन्द्रीय चुनाव अधिकारी राधेश्याम सोमानी, प्रदेश पर्यवेक्षक रामगोपाल सोमानी, केन्द्रीय पर्यवेक्षक कैलाश चन्द्र मंत्री, मुख्य जिला चुनाव अधिकारी रतनलाल मण्डोवरा, जिला चुनाव अधिकारी लक्ष्मीनारायण सोमानी तथा तेजकरण बहेडिया की भूमिका की सराहना की गई।
समाज के विकास और सेवा कार्यों को मिलेगी नई गति
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन की मजबूती और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिला सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
अध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती ने विश्वास जताया कि उनकी पूरी टीम पूर्व की तरह समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करेगी तथा सामूहिक प्रयासों से भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा को देश की अग्रणी जिला सभाओं में शामिल करने का प्रयास करेगी। नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया ने सभी का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
रामपाल सोनी ने दी टीम को शुभकामनाएं
इस अवसर पर महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा हमेशा सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में अग्रणी रही है तथा नई टीम भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि टीम संतुलित और अच्छी बनी है। सभी पदाधिकारियों को समाज उत्थान के कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक दो माह में कार्यसमिति अथवा कार्यकारी मंडल की बैठक आयोजित कर महासभा की सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए। साथ ही सभी पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का उचित विभाजन कर टीम भावना से कार्य किया जाए।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी, अनिल बांगड़, प्रहलादराय लढ़ा, ओम नराणीवाल, राजेन्द्र कचोलिया, कृष्ण गोपाल जाखेटिया, सत्यनारायण मून्द्रडा, बाबूलाल जाजू, कैलाश ईनाणी, अभिजित सारडा, सत्येन्द्र बिरला, ओमप्रकाश गटयाणी, दिनदयाल मारू, राजेन्द्र बिरला, सुरेश कचोलिया, अतुल राठी, सुरेश बिरला, प्रहलाद नुवाल, केजी राठी, सुनील बियानी, प्रमोद डाड, मनोहर अजमेरा, रामकृष्ण पोरवाल, रामकिशन सोनी, महेन्द्र काकानी, रमेश चन्द्र बसेर, सुभाष बाहेती, लोकेश आगाल सहित सभी तहसील सभाओं के अध्यक्ष, मंत्री, जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।