151 कावड़ और 51 कलश के साथ शिवभक्तों ने नगर भ्रमण किया, हरणी महादेव पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन किया।
भीलवाड़ा। सावन मास के पावन अवसर पर श्री महावीर हनुमान सेवा संस्थान, भीलवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को 51वीं भव्य कावड़ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ निकाली गई। प्रातः 7:30 बजे पीपलेश्वर महादेव मंदिर, सूचना केंद्र के पीछे से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। हर-हर महादेव के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा शहर शिवमय नजर आया।
कावड़ यात्रा से पूर्व शनिवार रात पीपलेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान देशभक्ति गीतों का गायन और अच्छी बारिश की कामना की गई। भजनों पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए।
संतों एवं पूर्व सांसद की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
कावड़ यात्रा का शुभारंभ महंत मोहनशरण शास्त्री एवं पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया के सानिध्य में हुआ। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कावड़ियों ने पवित्र जल के साथ यात्रा प्रारंभ की।
संस्थान के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यात्रा को लेकर शिवभक्तों में विशेष उत्साह रहा। कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी कावड़ यात्रा
कावड़ यात्रा आजाद चौक, सत्यनारायण मंदिर, रेलवे स्टेशन, सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र, राजीव गांधी मार्केट, सिटी कोतवाली, गर्ल्स कॉलेज, बड़ला चौराहा, श्याम मंदिर और दादीधाम होते हुए हरणी महादेव मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन, डीजे पर बजते शिव भक्ति गीत और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नगर भ्रमण करते रहे।
151 कावड़िये और 51 महिलाओं ने लिया हिस्सा
यात्रा के संयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कावड़ यात्रा में 151 कावड़ियों ने भाग लिया। वहीं 51 महिलाओं ने कलश यात्रा में सहभागिता की।
कावड़ियों और महिलाओं ने धार्मिक अनुशासन के साथ यात्रा पूरी की। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हरणी महादेव पहुंचकर किया जलाभिषेक
कावड़ यात्रा के हरणी महादेव स्थित 12 ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने भगवान महेश का पवित्र जल से जलाभिषेक एवं विशेष पूजन किया। इस दौरान शिवभक्तों ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की।
इन पदाधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
सह संयोजक जयंत शर्मा एवं सांवरमल अग्रवाल ने बताया कि कावड़ यात्रा के सफल संचालन में राजेंद्र प्रसाद मूंदड़ा, धनराज जाजू, संजय झंवर, राजेश सिहाग, परमेश्वर शर्मा, प्रकाश झंवर, नारायण तोषनीवाल, मुकेश अग्रवाल, ओमप्रकाश शर्मा, श्रवण शर्मा, पंकज अग्रवाल, संजय निर्मल, राजू साहू, चांदमल राठी, सुनील कोठारी, अनिल पटवारी, तुलसीराम माली, नवीन खंडेलवाल, प्रेम बंजारा एवं दीपक माहेश्वरी सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धालुओं के स्वागत और पुष्पवर्षा के चलते पूरी कावड़ यात्रा भक्ति, उल्लास और सामाजिक समरसता का संदेश देती नजर आई।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।