लिमथान में श्री विष्णु अनुष्ठान 30 से
बांसवाड़ा|श्री परशुराम एवं श्री कृष्ण धाम लिमथान पर प्रस्तावित 101 कुण्डीय श्रीविष्णु महायज्ञ का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। पौराणिक तीर्थ पर प्रस्तावित इस विराट आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। सर्व समाज के सहयोग से विप्र फाउंडेशन के संयोजन में होनेवाले आयोजन में यजमान तैयार हो चुके हैं। कार्यक्रम संयोजक विनोद पानेरी ने बताया कि भूमि पूजन व भैरव स्थापना एवं ध्वज पताका स्थापना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महामंत्री योगेश जोशी रहे। अध्यक्षता महायज्ञ के संरक्षक स्वामी विवेकानंद महाराज बड़ोदिया ने की। प्रधान आचार्य किशोर शुक्ला के नेतृत्व में राजेंद्र जोशी लिमथान ने सपत्नीक विधान पूर्ण किया। परशुराम सेवा संस्थान के संयोजक महेश जोशी नवागांव ने बताया कि कुण्ड पर बैठनेवाले यजमानों का अपार सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर महायज्ञ के लिए विशाल यज्ञशाला निर्माण का कार्य नरेश भाई कलिंजरा को दिया गया। साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में हेमेन्द्र जोशी लिमथान, नवीन त्रिवेदी ठिकरिया, कचरूलाल पाटीदार सुरवानिया, मनोज जोशी लिमथान, अनिल भट्ट सालिया, लोकेश आचार्य, अशोक पुरोहित, केशव सेवक बड़ोदिया, आशा उपाध्याय ठिकरिया ने सहयोग किया। 30 अप्रेल को श्री परशुराम जयंती से 2 मई श्री शंकराचार्य जयंती तक चलने वाले महायज्ञ के लिए गांव-गांव में जन सम्पर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ के लिए सभी कुण्डों के यजमानों की सहमति प्राप्त हुई है। विशाल गंगाजल कलश यात्रा के लिए प्रधान कलश सोनी घाटोल यजमान रहेंगी। इधर सालिया, बड़ोदिया, सुरवानिया, करजी, चोखला, बांसवाड़ा, इटाउवा, नवागांव, ठिकरिया, सागडोद, बोरवट, नांदिया सहित जिले के विभिन्न गांवों में जन सम्पर्क किया जा रहा है।