भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया


सवाई माधोपुर 10 अप्रैल। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर व विश्वशांति के प्रेरक, अहिंसा के अग्रदूत भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव गुरुवार को सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा धूम-धाम से मनाया गया।
प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि नगरपरिषद क्षेत्र में निकाली गई प्रभात फेरियों के विसर्जनोपरांत सुबह करीब 9.45 बजे पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति संरक्षक पदम छाबड़ा, अध्यक्ष महेंद्र पहाड़िया, महामंत्री हरकचंद कासलीवाल व कोषाध्यक्ष महावीर छाबड़ा की उपस्थिति में मंत्रोचारण के बीच भगवान महावीर की अष्टधातु की प्रतिमा को सुसज्जित व मानव चालित रथ में विराजित कर सप्तरंगी छटा लिए विशाल रथ यात्रा शहर स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर से भव्य लवाजमे के साथ प्रारंभ हुई।
सारथी बने रमेश चंद कासलीवाल रथ का संचालन कर रहे थे। वहीं अरुण बज रथ में विराजमान श्रीजी को चंवर ढुलाते व जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जिनेंद्र भक्त बेल बन मानव चालित रथ को श्रद्धा के साथ खींच रहे थे। आस्था का यह अद्भुत नजारा जिनेंद्र रथ यात्रा में नजर आया। भगवान के जन्मोत्सव की खुशी में महिलाओं ने मेहंदी रचाई और बधाई गीत गाए।
समाज अध्यक्ष अशोक बड़जात्या, महामंत्री हरसीलाल जैन श्रीमाल जैन, कोषाध्यक्ष अशोक पांड्या सहित प्रबुद्ध पदाधिकारियों के संयोजन में महिला पुरुष अपने अपने समूह में नाचते गाते, भजनों की मधुर धुनों पर थिरकते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे तथा भगवान महावीर का संदेश जियो और जीने दो के नारे लगाते हुए व त्रिशला नंदन वीर की जय बोलो महावीर की बोलते चल रहे थे। मुख्य बाजार में जैनेत्तर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया। वहीं समाज के व्यक्तियों ने अपने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने थाली में अर्घ्य, दीपक व श्रीफल रखकर रथ में विराजे श्रीजी की आरती उतार न्योछावर भेंट की गई एंव लोगो को जलपान कराया।
गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा मुख्य बाजार होते हुए खंडार तिराहे के समीप स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन रायजी की नसिया बाग पहुंची। वहां पर समाज के गायक विनय पापड़ीवाल, राजेश बाकलीवाल व मनोज सोगानी द्वारा प्रस्तुत भजनों के बीच अष्टद्रव्यों से भगवान महावीर की संगीतमय विशेष पूजन की गई। पूजनोपरांत सौभाग्यवती महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इसके बाद मंत्रोचार के साथ भगवान महावीर की अष्ट धातु की प्रतिमा की उपस्थित जनसमूह की करतल ध्वनियों के बीच स्वर्ण कलशों से कलशाभिषेक कर श्रीजी की जयमाल की एंव भगवान की संगीतमय सामूहिक आरती उतारी। साथ ही करूणा भाव रखते हुए गौवंश को हरा चारा खिलाया गया। रथ यात्रा वापिस पंचायती मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now