ब्रज यात्रा के पड़ाव स्थलों पर भूमि आरक्षण की मांग, मान मंदिर ट्रस्ट ने राजस्थान सरकार को लिखा पत्र


84 कोस ब्रज परिक्रमा को सुगम बनाने के लिए पूंछरी, डीग, खो, आदि बद्री, केदारनाथ और कामां में 10 से 15 एकड़ भूमि आरक्षित करने का आग्रह

डीग। ब्रज यात्रा के पड़ाव स्थलों पर भूमि आरक्षण की मांग को लेकर मान मंदिर सेवा संस्थान ट्रस्ट, गहवरवन (बरसाना) ने राजस्थान सरकार को पत्र भेजा है। ट्रस्ट ने ब्रज की प्राचीन 84 कोस ब्रज परिक्रमा परंपरा को सुरक्षित रखने और यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार से विशेष पहल करने का अनुरोध किया है।

ट्रस्ट के ‘राधा रानी ब्रज यात्रा परिकर’ के प्रतिनिधि राधाकांत शास्त्री ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को उपखंड अधिकारी अमित मीणा को निवेदन पत्र सौंपा। इसके माध्यम से राजस्थान के मुख्यमंत्री और गृह राज्य मंत्री से ब्रज यात्रा के प्रमुख पड़ाव स्थलों पर स्थायी रूप से भूमि आरक्षित करने की मांग की गई है।

प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु होते हैं ब्रज यात्राओं में शामिल

संस्थान की ओर से बताया गया कि पद्मश्री संत पूज्य श्री रमेश बाबा जी के सानिध्य में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली ‘राधा रानी ब्रज यात्रा’ सहित अन्य ब्रज परिक्रमाओं में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

ट्रस्ट के अनुसार, वर्तमान में यात्रा के प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त भूमि और व्यवस्थाओं के अभाव में इन प्राचीन धार्मिक यात्राओं के संचालन में कई तरह की कठिनाइयां सामने आ रही हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने और यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

इन छह प्रमुख पड़ाव स्थलों पर मांगी गई 10 से 15 एकड़ जमीन

पत्र में राजस्थान क्षेत्र के ब्रज से जुड़े छह महत्वपूर्ण पड़ाव स्थलों पर भूमि आरक्षित करने का अनुरोध किया गया है। इनमें पूंछरी, डीग, खो, आदि बद्री, केदारनाथ और कामां शामिल हैं।

ट्रस्ट ने प्रत्येक स्थान पर प्राथमिकता के आधार पर न्यूनतम 10 से 15 एकड़ भूमि आरक्षित करने की मांग रखी है। प्रस्तावित भूमि का उपयोग ब्रज यात्राओं के पड़ाव, श्रद्धालुओं के विश्राम और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए किया जाएगा।

ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की उम्मीद

मान मंदिर सेवा संस्थान ट्रस्ट ने उम्मीद जताई है कि राजस्थान सरकार ब्रज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। साथ ही, प्रमुख पड़ाव स्थलों पर भूमि आरक्षित करने के लिए जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

ट्रस्ट का कहना है कि इन स्थलों पर स्थायी व्यवस्था विकसित होने से ब्रज यात्राओं के संचालन में सुविधा होगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्राम सहित जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *