बोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, साथ ही वन महोत्सव के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रयागराज। राजदेव द्विवेदी।
जनपद के यमुनानगर स्थित शंकरगढ़ पंखा टोला में संचालित कैम्ब्रिज हाईस्कूल एण्ड कॉलेज में शनिवार को बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैम्ब्रिज हाईस्कूल एण्ड कॉलेज एवं एन.एस.के. इंटर कॉलेज, लाइनपार शंकरगढ़ के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में संयुक्त समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
#### दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ वन विभाग के अधिकारी आकाश कुमार एवं विद्यालय के प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें उपहार एवं पौधे भेंट किए गए।
#### वन महोत्सव के तहत किया गया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान वन महोत्सव के अंतर्गत वन विभाग के अधिकारी आकाश कुमार एवं विद्यालय प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ने विद्यालय परिसर में आंवला और आम के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर वन अधिकारी ने कहा कि मानव जीवन को सुखी, समृद्ध और संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “वृक्ष लगाओ, जीवन को सुरक्षित बनाओ” का संदेश देते हुए कहा कि वन पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, हानिकारक गैसों को अवशोषित कर पर्यावरण को प्रदूषण से बचाते हैं तथा पक्षियों एवं वन्य जीवों को भोजन और आश्रय उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
#### रक्षाबंधन पर पौधा उपहार देने का दिया संदेश
विद्यालय के प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहन एक-दूसरे को उपहार के रूप में एक पौधा भेंट करें तथा उसके बड़े होने तक नियमित देखभाल करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज में प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
#### प्रशासनिक अधिकारी बनने का लक्ष्य
कार्यक्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में प्रयागराज जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा सुश्री अंशिका द्विवेदी ने कहा कि वह आगे की पढ़ाई पूरी कर प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं।
#### विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना की और विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी बालेन्द्र पांडेय, एन.एस.के. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रताप बहादुर सिंह, अशोक त्रिपाठी, मनी शंकर दुबे, सौरभ प्रकाश, इमरान अहमद, धर्मराज कुशवाहा, रमाशंकर मिश्रा, मनोज तिवारी, पंकज श्रीवास्तव, राजेश गोस्वामी, दीपक केशरवानी, नरेश श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, आभा मिश्रा, रीतु सुसारी, रेखा सिंह, रीना गोस्वामी, सिम्मी गुप्ता, ऊषा सिंह, प्रीति सेन, निहारिका सेन, अंजु गुप्ता, सीमा सिंह, पूनम द्विवेदी, कोमल त्रिपाठी, रूचि शुक्ला सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।