आपसी भाई-चारे एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर शांतिपूर्वक मनायें त्योहार-जिलाधिकारी


प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा़ की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में आगामी होली पर्व एवं अन्य त्यौहारों को सकुशल एवं सुव्यस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के पदाधिकारियों, सिविल डिफेंस व जिला अपराध निरोधक समिति के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य लोगो के द्वारा त्यौहारों को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने के सम्बंध में अपने-अपने सुझाव दिए गए, जिसपर जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी माह में होली, रमजान, ईद तथा नवरात्रि सहित कई प्रमुख त्यौहार हैं, जिन्हें हम सभी को आपसी सहयोग, सौहार्द के साथ सकुशल व सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का संदेश लोगो तक पहुंचाने में आप सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है तथा त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराये जाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिलाधिकारी ने आगामी त्यौहारों पर किसी भी नई परम्परा की शुरूआत न हो, होलिका दहन स्थान परिवर्तित किए जाने हेतु सभी पक्षों की सहमति हो तथा होलिका दहन से सार्वजनिक आवागमन बाधित न किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को उनके संज्ञान में यथाशीघ्र लाने के लिए कहा, जिससे समय रहते उसपर कार्यवाही की जा सके।उन्होंने बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत साउंड सिस्टम को धीमी आवाज में ही बजाये जाने के लिए कहा है, जिससे छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी व अपर पुलिस आयुक्त ने सभी से आपसी भाई-चारे एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर शांतिपूर्वक त्योहारों को मनाये जाने की अपील की है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, अपर जिलाधिकारीगणों के साथ अन्य वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगणों के अलावा पीस कमेटी, सिविल डिफेंस, जिला अपराध निरोधक समिति, टैम्पों-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष सहित अन्य सम्बंधित लोग उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now