भीलवाड़ा में आयोजित गरिमामय समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान हुआ, जनजागरूकता और संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। उपभोक्ता कल्याण समिति शपथ ग्रहण समारोह के तहत उपभोक्ता कल्याण समिति, राजस्थान के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का संयुक्त शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह एक निजी रिसोर्ट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश एवं जिला स्तर के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने उपभोक्ता हितों की रक्षा, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष अधिवक्ता अशोक जैन एवं प्रदेश महामंत्री अधिवक्ता जितेंद्र कुमार मारू ने की। समारोह के संरक्षक एवं जिला अभिभाषक संस्था के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कचौलिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन तथा डिप्टी एसपी शिल्पा जैन ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, पूर्व बार अध्यक्ष राजेश शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश तेली, रेवेन्यू बार अध्यक्ष सतीश मनोहर बुनकर एवं प्रताप सिंह मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रदेश संगठन मंत्री पंकज हेमराजानी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि नवनियुक्त प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई।
सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा उन्हें नियुक्ति-पत्र भी प्रदान किए गए।
उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना प्राथमिकता
प्रदेश महामंत्री अधिवक्ता जितेंद्र कुमार मारू ने संस्था की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि उपभोक्ता अधिकारों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता लाना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों और कानूनी संरक्षण की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समिति प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चलाएगी।
उपभोक्ता समस्याओं और संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों, बाजार में बढ़ती अनियमितताओं, उपभोक्ता शोषण तथा शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इन सुझावों पर विस्तृत चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की गई, जिससे संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
प्रदेशाध्यक्ष ने संगठन की प्राथमिकताओं पर रखा जोर
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेशाध्यक्ष अधिवक्ता अशोक जैन ने कहा कि समिति का मूल उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता को उसके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता शोषण के विरुद्ध प्रभावी आवाज उठाना, जरूरतमंद उपभोक्ताओं को न्याय दिलाना तथा संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक मजबूत करना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने आगामी जन-जागरूकता अभियानों, विधिक परामर्श शिविरों तथा संगठन विस्तार की योजनाओं की भी जानकारी दी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ
समारोह का संचालन रागिनी गुप्ता ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि अंत में प्रदेश महामंत्री अधिवक्ता जितेंद्र कुमार मारू ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष अधिवक्ता अशोक जैन, प्रदेश महामंत्री अधिवक्ता जितेंद्र कुमार मारू, महिला प्रदेशाध्यक्ष संगीता अग्रवाल, युवा प्रदेशाध्यक्ष अनिल पारीक, अधिवक्ता सूर्य प्रकाश सरगरा, जिला अध्यक्ष राजेश पाटनी, जिला महासचिव कमलेश बोडाना, महिला युवा प्रदेशाध्यक्ष निशा कंवर गोड तथा प्रदेश सचिव अधिवक्ता पीरू सिंह गोड सहित अनेक पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद
समारोह में सुभाष दुधानी, शर्मिला मारू, अरविंद जैन, रेणु जैन, रागिनी गुप्ता, राजकुमार पाटनी, पवन अग्रवाल, सुनीता राठौड़, जिला महिला अध्यक्ष अनीता आर्य, रश्मि श्रीवास्तव, बालमुकुंद मोदी, रेणु अग्रवाल, तृतु निमोदिया, संतोष लोहिया, मधु विजयवर्गीय, राकेश जागेटिया सहित प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी तथा सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।